Crime News: बारात देखने गई 6 साल की बच्ची से दुष्कर्म, घर लौटते समय आरोपी ने वारदात को दिया अंजाम
punjabkesari.in Friday, Jun 30, 2023 - 04:34 PM (IST)

फर्रुखाबाद: जिले में मानवता को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। जिले के एक गांव में आई बारात देखने गई छह साल की बच्ची के साथ युवक ने दुष्कर्म किया है। खोज कर रहे परिजनों को करीब ढाई घंटे बाद बालिका खेत की ओर से आती हुई दिखाई दी। बालिका ने परिजनों को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने पिता की तहरीर पर गांव के एक युवक के खिलाफ दुष्कर्म व पाक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। बालिका का डाक्टरी परीक्षण भी कराया जाएगा।
बारात देखने गई थी बच्ची, लौटते समय रास्ते से खींच ले गया आरोपी
राजेपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में बुधवार रात करीब साढ़े आठ बजे एक ग्रामीण की पुत्री की बारात आई थी। बैंडबाजे की आवाज सुनकर गांव के बच्चे बारात देखने गए। एक ग्रामीण की छह साल की पुत्री भी बारात देखने गई। कुछ देर बाद बारिश होने लगी। इससे सभी बच्चे भाग कर घर चले गए, लेकिन एक ग्रामीण की छह साल की पुत्री घर नहीं आई। रात दस बजे तक पुत्री घर नहीं आई तो पिता परिवार के अन्य लोगों के साथ उसकी खोज करने गांव में निकले। रात करीब 11.30 बजे मंदिर के पास रोड किराने खेत के पास से आती हुई दिखाई दी। वह पूरी भींगी थी और शरीर पर मिट्टी लगी थी। हाथ में नेकर पकड़े हुई थी। पिता उसको लेकर घर आए। पुत्री ने परिजनों को घटना की जानकारी दी।
बच्ची ने परिजनों को सुनाई आपबीती
पीड़ित बच्ची ने बताया कि एक लड़का उसको कंधे पर उठाकर खेत की ओर ले गया और उसके साथ गलत काम किया। गांव में रहने वाला युवक मल्लू अक्सर लड़कियों के साथ छेड़छाड़ करता है। इस कारण वह छेड़छाड़ के मुकदमे में जेल भी गया था। मोबाइल में मल्लू की फोटो पिता ने पुत्री को दिखाई तो पुत्री ने उसको पहचान लिया। पुत्री को लेकर पिता थाने गया और मल्लू के खिलाफ तहरीर दी। थानाध्यक्ष दवाकर प्रसाद सरोज ने बताया कि मल्ले के खिलाफ दुष्कर्म व पाक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। उसकी गिरफ्तारी भी की जाएगी।