बॉयफ्रेंड के साथ सैर बनी खौफनाक वारदात… 28 वर्षीय महिला से गैंगरेप

punjabkesari.in Wednesday, Feb 25, 2026 - 06:22 PM (IST)

यूपी डेस्क: Assam के काछार जिले से मानवता को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। 28 साल की एक महिला के साथ कथित तौर पर कई लोगों ने चाकू की नोक पर गैंगरेप किया। घटना उस वक्त हुई जब वह अपने बॉयफ्रेंड के साथ शाम को बाहर घूमने गई थी। आरोप है कि वारदात के बाद आरोपियों ने पीड़िता से पैसे भी ऐंठे।

10 हजार रुपये ट्रांसफर करने के लिए किया मजबूर
पुलिस के अनुसार यह घटना 19 फरवरी की है। पीड़िता की शिकायत पर केस दर्ज किया गया है। एफआईआर में महिला ने आरोप लगाया कि कम से कम सात लोगों ने उसके साथ बारी-बारी से दुष्कर्म किया और फिर उसे अपने एक अकाउंट में 10,000 रुपये ट्रांसफर करने के लिए मजबूर किया। परिजनों के मुताबिक, पीड़िता सिलचर शहर से कुछ किलोमीटर दूर बाईपास रोड पर अपने बॉयफ्रेंड के साथ कार में थी, तभी महिंद्रा थार में सवार कुछ लोग वहां पहुंचे और दोनों पर हमला कर दिया।

‘दोस्त के सामने किया दुष्कर्म’
परिवार का आरोप है कि 7-8 लोगों ने पहले दोनों से पूछताछ की, फिर युवक को पकड़ लिया और उसके सामने महिला के साथ एक-एक कर दुष्कर्म किया। मामला Silchar के सदर पुलिस स्टेशन में दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि पीड़िता ने दो आरोपियों की पहचान की है। रविवार तक दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। उनकी पहचान नीलोत्पल दास (25) और सुबोल दास (27) के रूप में हुई है, जो सिलचर के आश्रम रोड इलाके के निवासी बताए जा रहे हैं।

मेडिकल जांच और राजनीतिक प्रतिक्रिया
पुलिस के मुताबिक, पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया जा चुका है और उसका बयान भी दर्ज कर लिया गया है। घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। सोशल मीडिया पर हजारों लोगों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

मामले को लेकर तृणमूल कांग्रेस नेता और राज्यसभा सांसद Sushmita Dev ने भी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि सिलचर में गैंगरेप की खबर बेहद परेशान करने वाली है। उन्होंने राज्य सरकार पर महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सवाल उठाए और सख्त कार्रवाई की मांग की। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramkesh

Related News

static