कुशीनगर में 5 साल की बच्ची से दुष्कर्म मामले में आरोपी गिरफ्तार: मिठाई का लालच देकर खेत में ले गया था युवक, खून से लथपत मिली मासूम
punjabkesari.in Sunday, Mar 16, 2025 - 12:49 AM (IST)

Kushinagar News: उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले के कुबेर स्थान थाना क्षेत्र के एक गांव में होली के दिन एक अठारह वर्षीय युवक द्वारा पांच वर्षीय बच्ची के साथ दुराचार करने का मामला प्रकाश में आया हैं। पुलिस आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की विधिक कार्रवाई में जुटी है।
मिली जानकारी के मुताबिक शनिवार को थाना कुबेरस्थान पर आवेदिका निवासी पिपरा जटामपुर थाना कुबेरस्थान जनपद कुशीनगर द्वारा तहरीर दी गयी। प्राप्त तहरीर में बताया गया कि उनकी पांच वर्षीय बच्ची के साथ कल होली के दिन शुक्रवार को शाम मिठाई का लालच देकर गांव के ही विनय चौरसिया (उम्र लगभग 18 वर्ष) पुत्र रमेश चौरसिया के द्वारा दुष्कर्म किया गया है। अचेत हुई बच्ची को युवक सुनसान स्थान पर फेंकने जा रहा था। इस दौरान बच्ची को ढूंढ़ते हुए मां और दादी पहुंचीं तो उन्हें देख युवक बच्ची को छोड़कर भाग गया। शोर मचाने पर गांव के लोग पहुंच गए। मौके पर आई पुलिस ने घटना की जानकारी ली। शनिवार को मां बच्ची को लेकर कुबेरस्थान थाने पहुंची।
महिला सिपाही ने बयान दर्ज करने के बाद पुलिस ने आरोपी युवक विनय चौरसिया पर केस दर्ज कर लिया। देर शाम तक गांव में दोनों परिवार के बीच तनातनी भी रही। लेकिन, पुलिस की सक्रियता के चलते कोई बात आगे नहीं बढ़ी। सीओ अभिषेक प्रताप अजेय ने बताया कि केस दर्ज कर आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया गया है।