भाजपा सरकार से किसानों को आज तक मिला सिर्फ धोखाः अखिलेश

punjabkesari.in Thursday, Nov 15, 2018 - 12:16 PM (IST)

लखनऊ: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बीजेपी सरकार पर जोरदार निशाना साधा है। उन्होंने यूपी में धान क्रय केंद्र नहीं खोले जाने को लेकर कहा कि लोकसभा चुनाव सिर पर आने से भाजपा किसानों के लिए बे-सिर पैर की घोषणाएं करने लगी है। सरकार ने 750 रुपये प्रति कुंतल का समर्थन मूल्य घोषित किया है, लेकिन प्रदेश के किसान 1200 रुपए प्रति कुंतल की दर पर अपना धान बेचने को मजबूर हैं।

अखिलेश इतने पर ही नहीं रूके उन्होंने कहा कि सरकार ने मक्का के न्यूनतम समर्थन मूल्य की घोषणा तो कर दी, लेकिन अब तक खरीद केन्द्र नहीं खोले, यह किसानों के साथ धोखा है। मक्का से विदेशी बहुराष्ट्रीय कम्पनियां कार्नफ्लेक्स, सूप, कार्न इत्यादि का सहउत्पाद कर भारी मुनाफा कमा रही हैं।

उन्होंने कहा कि देशी बाजार में किसान को जितना प्रोत्साहन मिलना चाहिए था नहीं मिल रहा है। स्वदेशी आंदोलन की नौटंकी करने वालों को मक्का किसानों की हित चिंता नहीं है। विदेशी कम्पनियों को मक्का किसानों के शोषण का अधिकार देना पसंद है। यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि किसानों को फसल का लागत मूल्य भी नहीं मिलता है।

सपा अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा सरकार से किसानों को आज तक सिर्फ धोखा ही मिला है। गेंहू-गन्ना किसान तो बुरी तरह कर्जदार हो गए हैं। नीति आयोग ने भी माना है कि न्यूनतम समर्थन मूल्य तो बढ़ा है, लेकिन उत्तर प्रदेश में धान खरीद के 30 फीसद मामलों में किसानों को सही दाम नहीं मिल रहा है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Tamanna Bhardwaj

Recommended News

Related News

static