Akhilesh Yadav ने की Rahul Gandhi की तारीफ, बोले- 'बहुत कम लोग ही इस तरह की यात्रा निकाल सकते हैं'

punjabkesari.in Monday, Mar 18, 2024 - 09:28 AM (IST)

Akhilesh Yadav News: समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' के समापन पर कांग्रेस नेता के दृढ़ संकल्प की सराहना करते हुए कहा कि बहुत कम लोग हैं, जो ऐसी यात्रा निकाल सकते हैं। राहुल गांधी ने 63 दिवसीय 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' का समापन मध्य मुंबई में डॉ. बीआर आंबेडकर के स्मारक चैत्य भूमि पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित कर और संविधान की प्रस्तावना पढ़कर किया। अखिलेश यादव को इस यात्रा में शामिल होना था, लेकिन वह शामिल नहीं हो सके।

PunjabKesari
सपा प्रमुख ने रविवार को राहुल गांधी को एक पत्र लिखकर अपनी शुभकामनाएं दीं और भरोसा जताया कि इस यात्रा को असली सफलता भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की आगामी लोकसभा चुनाव में हराकर मिलेगी। सपा प्रमुख ने पत्र में कहा ''आज मुंबई में आपकी भारत जोड़ो न्याय यात्रा का समापन हो रहा है। बिरले ही लोग हैं, जो ऐसी यात्रा कर सकते हैं। आपके दृढ़ संकल्प के लिए बहुत-बहुत शुभकामनाएं। आपने इस यात्रा की मणिपुर से शुरुआत की, जो भाजपा सरकार की नाकामी के कारण जल रहा है। पूर्वोत्‍तर से आपने तानाशाह सरकार के विरुद्ध मजबूत संदेश दिया। पूरी यात्रा के दौरान आपकी किसान, नौजवान, महिला, बुजुर्ग समेत समाज के हर वर्ग से मुलाकात हुई और आप उनकी समस्याओं से नजदीक से रूबरू हुए।''

PunjabKesari
यात्रा में शामिल न हो पाने का जिक्र करते हुए अखिलेश यादव ने कहा ''निर्वाचन आयोग (ईसी) द्वारा कल (शनिवार) चुनाव की घोषणा कर दी गयी, 20 मार्च से यूपी में नामांकन प्रारंभ है, जिसकी तैयारियों के चलते ही यात्रा के समापन कार्यक्रम में शामिल नहीं हो पा रहा हूं।'' उन्होंने कहा, ''आशा ही नहीं बल्कि पूर्ण विश्वास है कि किसान, नौजवान, पिछड़ा, दलित और महिला विरोधी भाजपा को जनता इस चुनाव में उखाड़ फेंकेगी। इस यात्रा की असली सफलता इसी मायने में होगी कि भाजपा को इस चुनाव में पराजय मिले।''
 



अखिलेश यादव ने 'एक्‍स' पर एक पोस्ट में कहा, ''मुंबई में ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा' के सफलतापूर्वक सम्पन्न होने के लिए बधाई!'' उन्होंने कहा, ''चुनाव की अकस्मात् घोषणा की वजह से व्यस्तता के कारण हम इसके लिए यहीं से ये ऐलान करते हैं कि देश की एकता और तरक्की चाहने वाले हम सब एक सोच के देशप्रेमी दल, पूरी तरह से आपसी सहयोग और देश की सौहार्द प्रिय जनता के समर्थन से इस बार भाजपा को ऐतिहासिक रूप से पराजित करेंगे।'' अखिलेश ने पोस्ट के माध्यम से नारा दिया ''भाजपा को हराएंगे-'इंडिया' को जिताएंगे! भाजपा हारेगी-देशवासी जीतेंगे! भाजपा हटाओ-देश बचाओ! भाजपा हटाओ-नौकरी पाओ! भाजपा हटाओ-संविधान बचाओ! भाजपा हटाओ-आरक्षण बचाओ!'' 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Pooja Gill

Recommended News

Related News

static