बुलडोजर की कार्रवाई से नाराज मकान मालिक ने घर में लगाई आग, चौड़ीकरण के तहत 21 मकान किए जा रहे हैं ध्वस्त
punjabkesari.in Monday, Feb 09, 2026 - 05:35 PM (IST)
वाराणसी: उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिले के दालमंडी में सोमवार की दोपहर उस समय हड़कंप मच गया जब प्रशासन ने ध्वस्तीकरण के दौरान दबाव बनाया तो भवन स्वामी ने आग लगा दी। इसके बाद घटनास्थल पर हड़कंप मच गया। घटना से आक्रोशित स्थानीय लोगों ने मौके पर नारेबाजी शुरू कर दी और प्रशासन के खिलाफ विरोध जताया। प्रदर्शनकारियों ने “वापस जाओ, वापस जाओ” के नारे लगाए, जिससे स्थिति और अधिक तनावपूर्ण हो गई।
नारेबाजी की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन सख्त हो गया। मौके पर मौजूद पुलिस बल ने प्रदर्शन कर रहे लोगों को फटकार लगाई और उन्हें वहां से खदेड़ दिया। पुलिस की सख्ती के बाद क्षेत्र में स्थिति को नियंत्रण में लिया गया, हालांकि कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
दरअसल, दालमंडी में प्रशासन द्वारा कुल 21 मकानों को ध्वस्त करने की कार्रवाई की जा रही है। इसी कार्रवाई के दौरान एक युवक ने कथित तौर पर विरोध स्वरूप अपने घर में आग लगा ली। आग लगने की घटना से आसपास के लोगों में दहशत फैल गई, हालांकि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया और किसी बड़े नुकसान की सूचना नहीं है। पुलिस ने बताया कि आग लगाने वाले युवक की तलाश की जा रही है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
प्रशासन का कहना है कि ध्वस्तीकरण की कार्रवाई नियमानुसार की जा रही है और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। घटना के बाद दालमंडी क्षेत्र में पुलिस निगरानी बढ़ा दी गई है। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील करते हुए चेतावनी दी है कि कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। गौरतलब है कि वाराणसी के दालमंडी में चौड़ीकरण के तहत 21 मकानों जिला प्रशासन के द्वारा ध्वस्तीकरण की कार्रवाई का नोटिस जारी किया गया था। उसके बाद बुलडोजर की कार्रवाई की जा रही है।

