Kushinagar: डिप्टी CM से कार्यकर्ताओं को मिलने से रोकने पर गुस्साये लोगों ने की नारेबाजी, मौर्य ने विधायक को दी नसीहत

punjabkesari.in Friday, Oct 21, 2022 - 01:15 AM (IST)

कुशीनगर: उत्तर प्रदेश के कुशीनगर में राज्य के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य का एयरपोर्ट पर गुरुवार को जब आगमन हुआ तो भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उनके स्वागत के लिए उतावले हो गये।       
PunjabKesari
सुरक्षा कारणों का हवाला देकर सुरक्षाकर्मियों ने कार्यकर्ताओं को एयरपोर्ट के रनवे क्षेत्र में जाने से रोक दिया। इससे नाराज कार्यकर्ता हंगामा करने लगे। लोगों ने जमकर नारेबाजी की। इस दौरान तमकुहीराज के विधायक असीम कुमार से कार्यकर्ताओं की कहासुनी भी हो गयी। बात बढ़ते देखकर डीएम और एसपी ने हस्तक्षेप करके मामला शांत कराया। प्रकरण की जानकारी होने पर मौर्य ने विधायक को कार्यकर्ताओं का सम्मान करने की नसीहत दी। इस संबंध में विधायक ने कहा कि कुछ कार्यकर्ताओं ने हमको रोककर साथ ले जाने को कहा था। मना करने पर वह उतावले हो गए। उनको समझा बुझाकर शांत कराया गया।       
PunjabKesari
देवरिया के पथरदेवा में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने के लिए मौर्य को आज दोपहर कुशीनगर एयरपोर्ट पर आना था। उनके स्वागत के लिए भाजपा के पदाधिकारी और कार्यकर्ता पहले से एयरपोर्ट पर जुट गए। प्रोटोकॉल के मुताबिक डीएम एस राजलिंगम, एसपी धवल जायसवाल, सीडीओ गुंजन द्विवेदी सहित अन्य अधिकारी भी वहां मौजूद थे। इस दौरान बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता एयरपोर्ट के रनवे की तरफ बढ़े, लेकिन सुरक्षा कारणों से गिने चुने लोगों को ही अनुमति मिल सकी।       
PunjabKesari
इससे पहले ही प्रवेश करने वाले 60 लोगों की सूची प्रशासन को दे दी गयी थी। एयरपोर्ट के भीतर नहीं जा पाने से कार्यकर्ता नाराज होकर हो हल्ला करने लगे। प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी भी की। इससे कार्यकर्ता काफी गुस्सा हो गए थे। विधायक से कहासुनी बढ़ने पर जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने मामले में हस्तक्षेप करके विधायक को एयरपोर्ट रनवे पर पहुंचा दिया। तभी डिप्टी सीएम का आगमन हो गया। उनके स्वागत के क्रम में एक पदाधिकारी ने इस प्रकरण की चर्चा कर दी। इस पर मौर्य ने विधायक को समझाते हुए कार्यकर्ताओं का सम्मान करने की नसीहत दी। उन्होंने विधायक से कहा कि ऐसे मौको पर धैर्य से काम लेना चाहिए। इसके बाद वह पथरदेवा के कार्यक्रम में शामिल होने चले गए। बाद में विधायक और कार्यकर्ताओं के बीच हुई कहासुनी का वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो गया।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Mamta Yadav

Recommended News

Related News

static