Ayodhya News: श्रद्धालुओं के लिए अक्टूबर में खुलेंगे राम जन्मभूमि के सभी मंदिर, 25 नवंबर को भव्य ध्वजारोहण समारोह; 5 लाख श्रद्धालु होंगे शामिल

punjabkesari.in Saturday, Sep 27, 2025 - 03:31 PM (IST)

Ayodhya News: राम जन्मभूमि परिसर के श्रद्धालुओं के लिए एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है। मंदिर निर्माण समिति ने ऐलान किया है कि अयोध्या स्थित राम जन्मभूमि परिसर के सभी मंदिर इस वर्ष अक्टूबर के अंत तक आम श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे, जबकि परिसर का संपूर्ण निर्माण कार्य दिसंबर 2025 तक पूरा होने की उम्मीद है।

ध्वजारोहण समारोह में 8,000 विशेष मेहमान, लाखों श्रद्धालु होंगे शामिल
समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्रा ने शुक्रवार को मंदिर परिसर में तैयारियों की समीक्षा की और जानकारी दी कि 25 नवंबर को होने वाले भव्य ध्वजारोहण समारोह की तैयारियां जोरों पर हैं। इस आयोजन में राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री की उपस्थिति संभावित है। मिश्रा ने बताया कि ट्रस्ट ने 25 नवंबर की तिथि इसीलिए चुनी है क्योंकि यह राम विवाह महोत्सव के साथ मेल खाती है, जो अयोध्या का एक प्रमुख पारंपरिक उत्सव है। समारोह में लगभग 8,000 आमंत्रित अतिथियों के अलावा पांच लाख से अधिक श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। यह संख्या आयोजन को प्रशासन और ट्रस्ट के लिए एक बड़ी लॉजिस्टिक चुनौती बना रही है। सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण और आयोजन स्थल की तैयारी के लिए युद्धस्तर पर काम जारी है।

परिसर में प्रवेश अक्टूबर से, सभी छह मंदिरों के दर्शन संभव
राम जन्मभूमि ट्रस्ट की योजना के अनुसार, अक्टूबर के अंत से श्रद्धालुओं को नियमित रूप से मंदिर परिसर में प्रवेश की अनुमति दी जाएगी। इस दौरान वे राम दरबार, कुबेर टीला सहित छह मंदिरों के दर्शन कर सकेंगे। हालांकि, इन स्थलों पर प्रारंभिक रूप से सीमित संख्या में प्रवेश रहेगा।

70% परिसर में हरियाली तैयार, पंचवटी भी होगी आकर्षण का केंद्र
भूनिर्माण के तहत मंदिर परिसर में 70 एकड़ क्षेत्र में 70 प्रतिशत हरियाली का कार्य पूरा कर लिया गया है। पेड़, झाड़ियां और घास लगाने का शेष कार्य 31 अक्टूबर तक समाप्त होने की उम्मीद है। इसके अलावा, 10 एकड़ में फैली ‘पंचवटी’ भी इसी अवधि तक पूरी कर ली जाएगी।

सुरक्षा व्यवस्था होगी हाईटेक, 25 वॉचटावर और सेंसरयुक्त दीवार
मिश्रा ने जानकारी दी कि परिसर को चारों ओर से घेरने का कार्य तेजी से चल रहा है और ध्वजारोहण से पहले यह कार्य पूरा कर लिया जाएगा। मंदिर परिसर को चार किलोमीटर लंबी चारदीवारी से सुरक्षित किया जा रहा है, जिसमें 25 वॉचटावर और अत्याधुनिक सेंसर सिस्टम लगाए जाएंगे। यह निर्माण 2026 के अंत तक पूरा होने की संभावना है। इसके अलावा, परिसर में एक सभागार का निर्माण कार्य मार्च 2026 तक पूरा हो जाएगा, जो आने वाले कार्यक्रमों का केंद्र बनेगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Mamta Yadav

Related News

static