अधिकारियों पर भड़के भाजपा विधायक विनोद सिंह, कहा- पहले लोग अंग्रेजों से परेशान थे अब आपसे
punjabkesari.in Monday, Nov 28, 2022 - 06:00 PM (IST)

सुल्तानपुरः अयोध्या-प्रयागराज बाईपास पर गोमती नदी पुल की धीमी गति से मरम्मत होने से नाराज आज भाजपा विधायक व पूर्व मंत्री विनोद सिंह का पारा गर्म हो उठा। इस दौरान उन्होंने न सिर्फ संबंधित अधिकारियों को फटकार लगाई बल्कि जल्द से जल्द पुल की मरम्मत के आदेश दिए।
दरअसल बीते दिनों अयोध्या प्रयागराज बाइपसबपर टांटिया नगर स्थित गोमती नदी का पुल बेहद जर्जर हो गया था। लिहाजा NHAI ने इस पुल की मरम्मत के लिये आवागमन पर रोक लगा दी। नतीजा ये रहा कि इस रोड की गाड़ियां अब नगर क्षेत्र से गुजरने लगी। हाल ये हो गया कि रात 9 बजे के बाद नगर में अयोध्या-प्रयागराज-आज़मगढ़ सहित तमाम जिलों की ओर जाने वाली गाड़ियों ने नगर क्षेत्र में प्रदुषण इतना बढ़ा दिया कि लोगों को परेशानी होने लगी। चौकाने वाली बात तो ये है बीते 20 नवम्बर को ही इस पुल की मरम्मत हो जानी थी, लेकिन आज तक पुल न बनने से सुल्तानपुर विधानसभा से भाजपा विधायक एवं पूर्वमंत्री विनोद सिंह का पारा तमतमा उठा और वे टांटिया नगर पुल पर पहुँच गए। इस दौरान विनोद सिंह ने संबंधित अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई।
विनोद सिंह ने कहा कि आजादी से पहले लोग अंग्रेजों से परेशन थे और अब आपने परेशान कर दिया है। विनोद सिंह ने साफ कहा कि इस पुल के न बनने से शहर की हालत इतनी खराब हो गई है कि प्रदुषण के मामले में इसने दिल्ली को भी पीछे छोड़ दिया है। वहीं विधायक की नाराजगी के बाद आलाधिकारियों ने आगामी 8 दिसम्बर तक का समय लिया और आश्वस्त किया है कि 8 दिसम्बर तक निर्माण कार्य पूरा कर लिया जाएगा।