2024 लोकसभा चुनाव में भाजपा की विदाई तय, हम सभी विपक्षी पार्टियों को कर रहे एकजुटः स्वामी प्रसाद मौर्य
punjabkesari.in Tuesday, Jun 27, 2023 - 05:18 PM (IST)

रायबरेलीः समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव स्वामी प्रसाद मौर्य ने कहा है कि 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा की विदाई तय है। मौर्य ने ये बातें जिले के दीनशाह गौरा में आयोजित छत्रपति साहू जी महराज की जयंती कार्यक्रम में कही। बता दें कि हाल ही में बिहार में 15 दलों की बैठक हुई।
अखिलेश यादव पहले से ही विपक्षी एकता के सूत्रधार रहे
मौर्य ने आगे कहा कि सपा मुखिया अखिलेश यादव पहले से ही विपक्षी एकता के सूत्रधार रहे हैं। वह इस बार भी अभियान को धार दे रहे हैं। अभी तो पहली बैठक हुई है। अंत इसका बहुत सुखद होगा। बसपा सुप्रीमो मायावती भी विपक्षी दलों के साथ आ सकती हैं क्या, इस प्रश्न के जवाब में स्वामी ने कहा कि हम सभी विपक्षी पार्टियों को एक साथ जोड़ने में लगे हैं। जो भी आएगा, उसका हम स्वागत करेंगे।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के साथ हुआ जातीय अपमान
उन्होंने कहा कि धर्म के नाम पर दलित लोगों के साथ बहुत भेदभाव होता है जोकि न्याय नहीं बल्कि अन्याय है। प्रधानमंत्री कहते हैं, देश में जाति और धर्म के आधार पर भेदभाव नहीं होता। उनके बयान को आए एक हफ्ता भी नहीं हुआ कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को जातीय अपमान के कड़वे सच का सामना करना पड़ा। बता दें कि देश की पहली आदिवासी राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू को दिल्ली स्थित भगवान जगन्नाथ मंदिर में पूजा के लिए गर्भगृह में नहीं जाने दिया गया। जबकि इसी मंदिर में केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और अश्वनी वैष्णव गर्भगृह में मूर्तियों को स्पर्श करके पूजा कर चुके हैं।गर्भगृह से बाहर खड़ी होकर पूजा कर रहीं राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू का वीडियो जैसे ही वायरल हुआ सोसल मीडिया पर हड़कंप मच गया।