बारात के आने से कुछ समय पहले घर से भागी दुल्हन, परिजनों की मर्जी के खिलाफ जाकर प्रेमी से रचाई शादी
punjabkesari.in Friday, Dec 08, 2023 - 11:44 AM (IST)

Kaushambi News: उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। जहां एक लड़की ने बारात के आने से कुछ समय पहले घर से भागकर अपने प्रेमी के साथ शादी कर ली। वहीं, जब उसके परिजनों को इस बात की जानकारी मिली तो वह लड़की को जान से मारने की धमकी देने लग गए। जिसके बाद लड़की अपने प्रेमी के साथ सुरक्षा की गुहार लगाने थाने पहुंची।
जानकारी के मुताबिक, मामला करारी थाना क्षेत्र के इब्राहिमपुर गवारा गांव का है। जहां की निवासी एक लड़की अपने प्रेमी के साथ सुरक्षा की गुहार लगाने थाने पहुंची। लड़की ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वो अपने गांव के एक युवक से प्रेम करती थी। इस बात की भनक उसके घर वालों को लग गई। जिसके बाद उन्होंने उसका घर से निकलना बंद कर दिया और जबरन उसकी शादी किसी लड़के से तय कर दी। जिस कारण उसे मजबूरन घर से भागकर अपने प्रेमी के साथ शादी करनी पड़ी। लड़की ने आगे बताया कि वो बालिग है, उसकी उम्र 21 साल है। उसे अपनी मर्जी से जीवन साथी चुनने का अधिकार है। लेकिन उसके परिजन दोनों को जान से मारने की धमकी दे रहे है। वहीं, जब लड़के और लड़की के परिजनों को इस बात की जानकारी हुई तो दोनों परिवार थाने पहुंच गए। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच थाने में जमकर हंगामा हुआ। पुलिस ने दोनों परिवारों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया।
क्या कहती है पुलिस?
इस मामले में जानकारी देते हुए डीएसपी सदर अभिषेक कुमार सिंह ने बताया कि वीडियो संज्ञान में आया था एक लड़का और लड़की ने मंदिर में शादी की थी। जानकारी करने पर ज्ञात हुआ की दोनों करारी क्षेत्र के रहने वाले हैं और एक ही जाति और गांव के हैं। दोनों बालिग भी हैं। लड़की के पिता इससे नाराज थे। थाने में दोनों तरफ के लोगों को पुलिस द्वारा समझाया गया है।