परिवार की आड़ में हैवानियत? बिजनौर के कारोबारी की पुत्रवधु ने लगाया दरिंदगी का आरोप
punjabkesari.in Monday, Feb 02, 2026 - 07:13 PM (IST)
बिजनौर: शहर के एक बड़े कारोबारी ज़हीर अहमद पर अपनी ही पुत्रवधु से दुष्कर्म का गंभीर आरोप लगा है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी ससुर के खिलाफ बलात्कार सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं पति, जेठ और सास के खिलाफ मारपीट और प्रताड़ना के आरोप में भी केस दर्ज किया गया है।

विवाहिता का आरोप पति के अन्य महिलाओं से हैं संबंध
दिल्ली निवासी कमरूनीशा ने शहर कोतवाली में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि उन्होंने करीब 11 वर्ष पहले अपनी बेटी का निकाह बिजनौर के रौनक हाउस के स्वामी फरहान पुत्र ज़हीर अहमद से किया था। शादी के बाद उनकी बेटी के दो बच्चे हुए। आरोप है कि इस बीच फरहान के मेरठ की एक महिला से संबंध हो गए। जब पीड़िता ने पति की इस हरकत का विरोध किया तो उसके साथ मारपीट की गई और घर से निकालने की धमकी दी गई।
ससुर निका करने का बना रहा दबाव
पीड़िता के अनुसार, उसने इस पूरे मामले की जानकारी अपने ससुर ज़हीर अहमद को दी। आरोप है कि ससुर ने कहा कि उसे सब पता है और इसके बाद अपनी कथित संपत्ति का हवाला देते हुए उसे तीसरी पत्नी के तौर पर रखने और निकाह का प्रलोभन दिया। पीड़िता ने इसका विरोध किया। आरोप है कि 13 अगस्त को ससुर ने पिस्टल की नोक पर उसके साथ दुष्कर्म किया।
ससुर के खिलाफ दुष्कर्म का केस दर्ज
पीड़िता का कहना है कि जब उसने इस घटना की जानकारी परिवार के अन्य सदस्यों को दी तो पति, जेठ और सास ने उसके साथ मारपीट की और उसे घर से निकाल दिया। इसके बाद उसने पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने ससुर के खिलाफ दुष्कर्म और अन्य आरोपों में तथा पति, जेठ और सास के खिलाफ मारपीट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग
उधर, पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि उसका पति हर साल किसी नई महिला से शादी करता है और बाद में उसे छोड़ देता है। उसने अपने दावों के समर्थन में कुछ तस्वीरें भी पुलिस को सौंपी हैं। पीड़िता का आरोप है कि पुलिस ने अब तक मुख्य आरोपी ससुर को गिरफ्तार नहीं किया है और उसने जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

