बुलंदशहरः घने कोहरे की वजह से आपस में भिड़े 20 वाहन, 10 से ज्यादा लोग हुए घायल
punjabkesari.in Tuesday, Dec 20, 2022 - 05:00 PM (IST)

बुलंदशहरः उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में पड़ रहे घने कोहरे की वजह से एक भीषण सड़क हादसा हो गया है। यहां पर खुर्जा में नेशनल हाईवे पर 91 पर अरनिया थाना इलाके में दशहरा गांव के पास एक साथ 20 से 22 वाहन भिड़ गए। इन वाहनों के आपस में भिड़ जाने से बड़ा हादसा हो गया। इस हादसे में 10 लोग घायल हो गए हैं। इन घायलों को स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। वहीं, हादसे के बाद से घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई।
बता दें कि बुलंदशहर में आज सुबह घने कोहरे की चादर छाई हुई थी। जिसके चलते अलीगढ़ की ओर से आ रही अल्टो गाड़ी दशहरा गांव के पास डिवाइडर से टकरा गई। इसके बाद इसके पीछे आ रही स्विफ्ट डिजायर गाड़ी आल्टो से टकराई और घूम गई। इसके बाद रोडवेज बस स्विफ्ट डिजायर गाड़ी के ऊपर चढ़ गई। इसी तरह लगातार वाहन आपस में टकराते चले गए। करीब 30 मिनट में 20-22 वाहन की भिड़ंत हो गई। हादसा इतना जोरदार था कि वाहनों में बैठे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। इस हादसे में 10 लोग घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
वाहनों की रफ्तार कम होने से कोई जानी नुकसान नहीं- पुलिस
इस हादसे के बाद पुलिस को हादसे की जानकारी दी गई। हादसे की सूचना मिलने ही मौके पर पुलिस की तीन गाड़ियां पहुंची। वहीं, अरनिया थाना प्रभारी का कहना है कि, सभी वाहनों की रफ्तार कम होने की वजह से कोई गंभीर रूप से घायल नहीं हुआ है। अधिकांश वाहन वहां से रवाना कर दिए गए हैं। ज्यादा क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क किनारे खड़ा करवा दिया गया है। फिलहाल, आगे की कार्रवाई जारी है।