पंचायत चुनाव से पहले चंद्रशेखर आजाद का बड़ा धमाका! CM योगी और चुनाव आयोग को लिखा पत्र, OBC आरक्षण को लेकर उठाया बड़ा सवाल

punjabkesari.in Friday, Feb 06, 2026 - 01:22 PM (IST)

UP Politics News: उत्तर प्रदेश में त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों की तैयारी तेज हो गई है। इसी बीच आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के प्रमुख और नगीना से सांसद चंद्रशेखर आजाद ने चुनाव में अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) के लिए सीटों और पदों पर उचित आरक्षण सुनिश्चित करने की मांग की है। उन्होंने इस संबंध में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, पंचायती राज मंत्री ओम प्रकाश राजभर और राज्य चुनाव आयोग को पत्र लिखा है।

सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, सांसद चंद्रशेखर आजाद ने पत्र में कहा कि उत्तर प्रदेश में प्रस्तावित पंचायत चुनावों में OBC आरक्षण का सवाल संवैधानिक और सामाजिक न्याय से जुड़ा है। यदि ग्राम पंचायत और जिला पंचायतों में OBC समाज का उचित प्रतिनिधित्व नहीं होगा, तो केवल एक वर्ग के अधिकारों का हनन नहीं होगा बल्कि संविधान में निहित सामाजिक न्याय की भावना को भी ठेस पहुंचेगी।

ओबीसी आरक्षण लागू करना राज्य सरकार का दायित्व
चंद्रशेखर ने स्पष्ट किया कि संविधान के अनुच्छेद 243D(6) के तहत राज्य को पंचायतों में OBC आरक्षण लागू करने का अधिकार और जिम्मेदारी प्राप्त है। उन्होंने कहा कि साल 2023 के नगर निकाय चुनाव में OBC आरक्षण की लापरवाही के कारण हाईकोर्ट को चुनाव प्रक्रिया पर रोक लगानी पड़ी थी। इसके बाद सरकार को सुधारात्मक कदम उठाने पड़े थे।

समयबद्ध और पारदर्शी कार्रवाई की मांग
सांसद ने चिंता जताई कि 2023 के अनुभव से सबक लेने के बावजूद, आगामी पंचायत चुनाव में OBC आरक्षण को लेकर कोई स्पष्ट और समयबद्ध कार्रवाई नहीं की गई है। उन्होंने सरकार से आग्रह किया कि इस बार पंचायत चुनाव में OBC आरक्षण पूरी तरह लागू किया जाए और किसी भी स्थिति में चुनाव को OBC आरक्षण विहीन न होने दिया जाए। उन्होंने कहा कि यह कोई विशेष कृपा नहीं, बल्कि संविधान द्वारा प्रदत्त अधिकार की मांग है। चंद्रशेखर आजाद की यह मांग पंचायत चुनाव की तैयारी और OBC समाज के अधिकारों को लेकर नए राजनीतिक हलचल को जन्म दे रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anil Kapoor

Related News

static