‘बालिका वधू’ बनने से बची बच्ची, चाइल्ड लाइन ने रूकवाई शादी

punjabkesari.in Saturday, Feb 22, 2020 - 12:05 PM (IST)

लखनऊः बाल विवाह को रोकने के लिए तरह-तरह के अभियान चल रहे हैं। इसके बावजूद आए दिन बाल विवाह की खबरें बढ़ती ही जा रही हैं। ऐसा ही मामला सामने आया काकोरी से जहां पढऩे व खेलने कूदने की उम्र में जिम्मेदारियों से अंजान छोटी बच्ची की शादी का फैसला परिजनों ने ले लिया। शुक्रवार को शादी तय थी। बारात गांव आ चुकी थी सभी झूम रहे थे। तभी किसी जागरूक शख्स ने चाइल्ड लाइन को बाल विवाह की खबर दी। टीम दुल्हन के जोड़े में ही नाबालिग लड़की को साथ ले गई। मायूस दूल्हा और बारात बिन दुल्हन के लौट गए।

बता दें कि मामला काकोरी के बगौरी गांव का है जहां गांव में एक व्यक्ति की बेटी की शादी थी। सुबह से खुशी का माहौल था। लड़की के घर में तैयारियां जोर-शोर से चल रही थीं तो सरोजनी नगर के गेहरू गांव से आई बरात में दूल्हे के परिवारजन और मित्र भी खुशी से लबरेज थे। इसी बीच गांव से नाबालिग की शादी की सूचना चाइल्ड लाइन को मिली। टीम पूरी जानकारी कर गांव पहुंच गई। कई घंटे तक बालिका के पिता को बाल विवाह पर प्रतिबंध होने का हवाला देकर समझाया। इज्जत की दुहाई देकर वह मानने को राजी न हुए। रात होते ही बैंड बाजा भी बजने लगा। तब पुलिस सख्त हुई। विरोध के बीच नाबालिग दुल्हन को चाइल्ड लाइन टीम के साथ भेज दिया।

उपनिरीक्षक अजय शुक्ला ने बताया कि बाल विवाह की शिकायत गांव से ही चाइल्ड लाइन को मिली। लड़की पक्ष नहीं मान रहा था। तब कार्रवाई करनी पड़ी। वहीं  लड़की के पिता ने बताया कि उनके पास बेटी की जन्मतिथि का कोई प्रमाणिक दस्तावेज नहीं है। विवाह न होने से लाखों रुपये का नुकसान हो गया है।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Ajay kumar

Recommended News

Related News

static