जम्मू-कश्मीर में हुए आतंकी हमले पर CM योगी ने जताया दुख, UP के अफसरों को दिया ये आदेश

punjabkesari.in Monday, Jun 10, 2024 - 12:32 PM (IST)

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जम्मू-कश्मीर में बस पर हुए आतंकी हमले पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने कहा कि कायराना हमला अत्यंत दु:खद है। मेरी ओर से दिवंगत पुण्यात्माओं को विनम्र श्रद्धांजलि! मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिजनों के साथ हैं। साथ ही उन्होंने यूपी के अपर मुख्य सचिव गृह को प्रदेश के घायलों के समुचित उपचार कराने के निर्देश दिया है।

सीएम योगी ने सोशल मीडिया प्लेटफोर्म एक्स पर कहा कि "जम्मू-कश्मीर में तीर्थ यात्रियों की बस पर हुआ कायराना हमला अत्यंत दु:खद है। मेरी ओर से दिवंगत पुण्यात्माओं को विनम्र श्रद्धांजलि! मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिजनों के साथ हैं। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्माओं को अपने श्री चरणों में स्थान और सभी घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें"। इसके साथ ही एक अन्य ट्वीट कर उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के अपर मुख्य सचिव गृह और पुलिस महानिदेशक को तत्काल स्थानीय प्रशासन से संपर्क कर प्रदेश के घायलों के समुचित उपचार और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं।
PunjabKesari

बता दें कि रविवार शाम करीब छह बजकर 10 मिनट पर रियासी जिले में तीर्थयात्रियों को ले जा रही बस पर आतंकवादियों ने गोलियां बरसाई, जिसमें नौ लोगों की मौत हो गई और कई लोग घायल हो गए। हमले में जान गंवाने वाले लोगों में से चार राजस्थान के निवासी थे, जिनमें दो वर्ष का एक बच्चा भी शामिल है जबकि तीन लोग उत्तर प्रदेश के रहने वाले थे। अधिकारियों ने बताया कि हमले में घायल हुए 41 तीर्थयात्रियों में से 10 लोगों को गोली लगी है। उन्होंने बताया कि घायलों में अधिकतर उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं।

PunjabKesari
अधिकारियों के मुताबिक, घायलों का उपचार जम्मू और रियासी जिलों के तीन अस्पतालों में किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि बस शिव खोड़ी मंदिर से कटरा स्थित माता वैष्णो देवी मंदिर जा रही थी और इसी दौरान पोनी इलाके के तेरयाथ गांव के पास हमला किया गया और 53 सीट वाली बस गोलीबारी के बाद गहरी खाई में गिर गई। पुलिस उपायुक्त (रियासी) विशेष पाल महाजन ने बताया कि बस के चालक और कंडक्टर समेत सभी नौ मृतकों की पहचान कर ली गयी। उन्होंने बताया कि बस चालक विजय कुमार दसानू राजबाग का रहने वाला था जबकि कंडक्टर अरुण कुमार कटरा के कान्देरा गांव का रहने वाला था। दोनों ही रियासी जिले के रहने वाले थे।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि इस आतंकवादी हमले में जान गंवाने वाले अन्य लोगों में राजिंदर प्रसाद पांडे साहनी, ममता साहनी, पूजा साहनी और उसका दो वर्षीय बेटा टीटू साहनी शामिल हैं। ये चारों राजस्थान के जयपुर के रहने वाले थे। उन्होंने बताया कि हमले में मारे गए तीन अन्य लोग शिवम गुप्ता, रूबी और 14 वर्षीय अनुराग वर्मा उत्तर प्रदेश के रहने वाले थे। महाजन ने बताया कि जिला प्रशासन शवों को उनके संबंधित राज्यों में भेज रहा है। उन्होंने बताया कि हमले में तीन से 50 वर्ष की आयु के 41 लोग घायल हुए हैं, जिनमें से 10 को गोली लगी है और सर्जरी के बाद उनकी हालत स्थिर है। महाजन ने बताया कि 18 घायलों का जम्मू के सरकारी मेडिकल कॉलेज में, 14 का नारायणा अस्पताल में और नौ का रियासी के जिला अस्पताल में इलाज किया जा रहा है। अधिकारियों ने बताया कि घायलों में 34 उत्तर प्रदेश, पांच दिल्ली और दो राजस्थान के रहने वाले हैं।  

 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Harman Kaur

Related News

static