केरल भाजपा प्रवक्ता की धमकी से बिफरी कांग्रेस, अजय राय बोले- पिंटू महादेव को निष्कासित करने के साथ राहुल गांधी की SPG सुरक्षा हो बहाल

punjabkesari.in Tuesday, Sep 30, 2025 - 05:42 AM (IST)

Lucknow News: केरल भाजपा प्रवक्ता प्रिंटू महादेव द्वारा एक टेलीविजन डिबेट के दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी को गोली मारने की धमकी देने पर उत्तर प्रदेश कांग्रेस ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। पार्टी ने इस बयान को "घटिया, शर्मनाक और दुर्भाग्यपूर्ण" करार दिया है और आरोपी को तुरंत भाजपा से निष्कासित करने की मांग की है। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय ने बयान जारी करते हुए कहा कि प्रिंटू महादेव का यह बयान न सिर्फ भाजपा और संघ की मानसिकता को उजागर करता है, बल्कि यह लोकतंत्र के लिए भी गंभीर खतरे की घंटी है।

उन्होंने कहा, "1948 में भी इन्होंने एक गांधी की हत्या की थी और आज फिर राहुल गांधी को लोकतंत्र की रक्षा के लिए लड़ने पर ऐसी धमकियां दी जा रही हैं। भाजपा की संविधान और कानून में कभी आस्था नहीं रही है।" अजय राय ने केंद्र सरकार से राहुल गांधी की एसपीजी सुरक्षा बहाल करने की मांग भी उठाई और कहा कि ऐसी धमकियों के बीच उनकी सुरक्षा से समझौता करना खतरनाक हो सकता है। उन्होंने केरल पुलिस से प्रिंटू महादेव के खिलाफ तुरंत कड़ी कानूनी कार्रवाई की भी मांग की है।

कांग्रेस का कहना है कि अगर भाजपा ऐसे नेताओं पर कार्रवाई नहीं करती, तो यह साफ संदेश जाएगा कि पार्टी स्वयं इस तरह की धमकियों का समर्थन करती है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Mamta Yadav

Related News

static