माहौल बिगाड़ने की साजिश! अराजकतत्वों ने तोड़ी शिव प्रतिमा, 30 सालों से हो रहा था पूजा-पाठ

punjabkesari.in Wednesday, Dec 14, 2022 - 06:31 PM (IST)

आजमगढ़: यूपी में आजमगढ़ में सांप्रदायिक माहौल बिगाड़ने की साजिश की गई है। इसी कड़ी में जिले के दीदारगंज थाना क्षेत्र के हड़वां गांव की राजभर बस्ती में स्थापित शिव प्रतिमा को अराजकतत्वों ने रात में तोड़ दिया। सुबह जब ग्रामीणों को जानकारी हुई तो वे विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिए। वहीं सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह मामले को शांत कराया।

जानिए क्या है मामला?
ग्रामीणों के मुताबिक, मंगलवार की शाम प्रतिमा ठीक थी। लोगों ने पूजन अर्चन भी किया था। ठंड के कारण रात में लोग घर के भीतर सोए थे। उसी दौरान किसी ने भगवान शिव की प्रतिमा को तोड़ दिया। गांव की रीता राजभर और अनूप ने बताया कि प्रतिदिन की तरह आज भी लोग पूजा पाठ के लिए पहुंचे थे। उसी समय लोगों की नजर टूटी हुई प्रतिमा पर पड़ी। प्रतिमा को तोड़कर वहीं ढ़केल दिया गया था।

शिव प्रतिमा टूटने की जानकारी के बाद कई गांव के लोग मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। जानकारी होने पर थानाध्यक्ष दीदारगंज फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। उन्होंने तत्काल कार्रवाई का आश्वासन देकर ग्रामीणों को शांत कराया। प्रतिमा के मरम्मत की तैयारी शुरू कर दी गई है। ग्रामीणों के मुताबिक जानबूझ कर उनकी आस्था पर हमला किया गया है। ताकि गांव का माहौल खराब हो। क्षेत्र का सौहार्द बिगड़ जाए। ऐसा करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई होनी चाहिए। ताकि आगे से कोई इस तरह की हिम्मत न कर पाए। 

बताया जा रहा है कि राजभर बस्ती में करीब 30 वर्ष से भगवान शिव की प्रतिमा पीपल के पेड़ के नीचे स्थापित थी। सुबह शाम यहां भक्तों की भीड़ लगती है। पास पड़ोस के गांव के लोग भी यहां पूजा पाठ के लिए पहुंचते है। वहां मंदिर भले ही न बना हो लेकिन यह स्थान हजारों लोगों की आस्था का केंद्र है।

क्या कहती है पुलिस?
थानाध्यक्ष दीदारगंज का कहना है कि गांव के विजय राजभर ने अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी है। मामला पंजीकृत कर आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस उन्हें कठोर सजा दिलाने का प्रयास करेगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Tamanna Bhardwaj

Recommended News

Related News

static