कोरोना वायरसः आइसोलेशन वार्ड में कर कर रहे थे ‘दारू पार्टी’, DM ने दिया सेवा समाप्ति का आदेश

punjabkesari.in Tuesday, Mar 24, 2020 - 11:38 AM (IST)

एटाः जानलेवा कोरोना वायरस तेजी से बढ़ता जा रहा है। वहीं दुनिया की कदम को इस वायरस ने थाम कर रख दिया है। इसके बावजूद कुछ लोग इसे लेकर लगातार लापरवाही करते नजर आ रहे हैं। उत्तर प्रदेश के एटा जिला अस्पताल से भी ऐसी ही घोर लापरवाही की खबर आई है। जहां जिलाधिकारी सुखलाल भारती व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार ने जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण किया, इस दौरान अस्पताल के कोरोना आइसोलेशन वार्ड में कर्मचारियों को दारू पार्टी करते  पाया  गया। दोनों ही कर्मचारियों ने कोरोना आइसोलेशन वार्ड को बियर बार बना रखा था। जिसके बाद DM ने दो कर्मचारियों के खिलाफ जांच के बाद सेवा समाप्ति के निर्देश दिए हैं।

बता दें कि मामला जनपद एटा के जिला अस्पताल का है। जहां कोरोना महामारी को लेकर DM व SSP ने रात्रि में औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण करने के दौरान वार्ड में तैनात दो कर्मचारी बियर पीते पाए गए। उन्होंने वार्ड को बियर बार बनाया हुआ था। पूरे वार्ड में चारों तरफ बियर की कैन बिखरी पड़ी थी। कोरोना आइसोलेशन वार्ड के इस नजारे को देखकर DM साहब का पारा चढ़ गया। आनन-फानन में DM सुखलाल भारती ने वार्ड में तैनात दोनों कर्मचारियों को मेडिकल टेस्ट के लिए भिजवा दिया।

नियमों को ताक पर रखकर कर रहे थे मजे, सेवा समाप्ति के आदेश
बताया जा रहा है कि आइसोलेशन वार्ड में तैनात दोनों कर्मचारी नियमों को ताक पर रखकर बड़े मजे से बियर उड़ा रहे थे और दारू पार्टी कर रहे थे। मामले को गंभीरता से लेते हुए DM ने तत्काल CMS को मामले की जांच पड़ताल कर रिपोर्ट भेजने के निर्देश दिए हैं। साथ ही DM ने जांच में दोषी पाए जाने पर दोनों कर्मचारियों की आजीवन सेवा समाप्त करने का निर्देश भी CMS को दिए हैं।

एटाः  कोरोना आइसोलेशन वार्ड में बन रहा है कंट्रोल रूम
DM सुखलाल भारती ने कहा कि अनियमितताओं को लेकर दो कर्मचारियों के खिलाफ सेवा समाप्ति की कार्रवाई की जा रही है। जनपद में कोरोना आइसोलेशन वार्ड में कंट्रोल रूम बनाया जा रहा है, ताकि शासन द्वारा स्वास्थ्य कर्मचारियों की रद्द की गई ड्यूटीओं को लेकर कंट्रोल रूम से 8-8 घंटे की शिफ्ट लगाकर कोरोना जैसी महामारी से लड़ा जा सके। फिलहाल जनपद एटा में कोरोना से संक्रमित किसी मरीज की अब तक कोई पॉजिटिव रिपोर्ट नहीं आई है। एहतियात के तौर पर जिला प्रशासन द्वारा लगातार कोरोना से जुड़ी हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Ajay kumar

Recommended News

Related News

static