सनकी प्रेमी ने सरेआम प्रेमिका को उतारा मौत के घाट, फिर खुद पर भी किया जानलेवा हमला

punjabkesari.in Friday, Dec 02, 2022 - 12:26 PM (IST)

Azamgarh: उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ रेलवे स्टेशन से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। जहां एक सनकी प्रेमी ने सरेआम पहले अपनी प्रेमिका का गला रेत दिया और इसके बाद खुद का भी गला काट लिया। इस घटना से स्टेशन पर सनसनी फैल गई। आनन फानन में मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने दोनों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती करवाया और साथ ही इस बात की जानकारी पुलिस को दी। वहीं, सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

बता दें कि घटना आजमगढ़ रेलवे स्टेशन की है। जहां मुंबई से आई ट्रेन से एक सनकी प्रेमी ने उतरते ही अपनी प्रेमिका का बेरहमी से गला काट दिया। इसके बाद उसने अपना भी गला काट लिया। वहीं, मौके पर मौजूद लोगों ने इस बात की सूचना पुलिस को दी और साथ ही एंबुलेंस के जरिए दोनों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती करवा दिया। जहां इलाज के दौरान युवती की मौत हो गई और उसके प्रेमी की हालत गंभीर है।

इस बारे में जानकारी देते हुए एसपी सिटी आजमगढ़ शैलेंद्र लाल ने बताया कि बिलरियागंज थाना इलाके का रहने वाला एक युवक धनंजय पासवान (22) एक 18 साल की युवती से एकतरफा प्रेम करता था। इसी के चलते वह काफी समय से उसके पीछे पड़ा हुआ था। इसी दौरान वह युवती का पीछा करते हुए मुंबई पहुंच गया। जहां रास्ते में उसने युवती को शादी के लिए मनाने की कोशिश की, लेकिन लड़की नहीं मानी। इसके बाद लड़की मुंबई से अपने घर के लिए रवाना हो गई, लेकिन लड़के ने उसका पीछा नहीं छोड़ा और वह उसका पीछा करते हुए आजमगढ़ स्टेशन पर पहुंच गया। जैसे ही लड़की ट्रेन से नीचे उतरी सनकी प्रेमी ने धारदार हथियार से उसका गला काट दिया, जिससे युवती की मौत हो गई।

एसपी सिटी ने आगे बताया कि लड़की के परिजनों को इस बात की जानकारी दे दी गई है। वहीं, युवक की नाजुक हालत को देखते हुए उसे हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया गया है। साथ ही मृतक युवती के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Harman Kaur

Recommended News

Related News

static