ठाकुर बांकेबिहारी के दर्शन के लिए उमड़ी भीड़; हालात हुए बेकाबू, 5 महिला श्रद्धालु हुईं बेहोश

punjabkesari.in Monday, Feb 17, 2025 - 02:30 PM (IST)

Mathura News: ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर (Thakur Banke Bihari Mandir) में आज यानी रविवार को भारी संख्या में श्रद्धालु दर्शनों के लिए पहुंचे। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के कारण स्थिति बेकाबू हो गई। बढ़ती भीड़ के कारण पांच महिलाओं की तबीयत खराब हो गई। वहीं, एक महिला का पैर फ्रैक्चर हो गया, जिन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। मंदिर में तैनात चिकित्सक दल ने इन महिलाओं को इलाज किया। भीड़ की बढ़ती संख्या को देखते हुए प्रशासन और सुरक्षा के इंतजाम नाकाफी साबित हुए।

वृंदावन पहुंच रहा भक्तों का सैलाब 
होली के त्योहार पर ठाकुर जी के दर्शन के लिए भक्तों का सैलाब वृंदावन (Vrindavan) पहुंच रहा है। रविवार को अवकाश होने के कारण श्रद्धालुओं की संख्या इतनी अधिक हो गई कि उन्हें नियंत्रित करना मुश्किल हो गया। भीड़ में धक्का-मुक्की के कारण मंदिर परिसर और इसके बाहर भी हालात बेकाबू हो गए। कोलकाता से दर्शन के लिए आईं नेहा गुप्ता (पत्नी संदीप गुप्ता) गिर गईं। इस दौरान कई श्रद्धालु उनके ऊपर से गुजर गए, जिससे उनके पैर में चोट आई और वह फ्रैक्चर हो गया। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। (Mathura News) इसके अलावा, दिल्ली से आईं निकिता (पुत्री मनोज) भीड़ में फंस गईं और घबराहट के कारण बेहोश हो गईं। कोलकाता निवासी वृद्धा गायत्री और उनकी पुत्री मौनी भी बेहोश हो गईं। इन सभी को मंदिर की चिकित्सक टीम ने इलाज दिया, जिसके बाद उनकी हालत में सुधार आया। हापुड़ की तृषा शर्मा और शीतल की तबीयत भी बिगड़ गई।

सुरक्षा व्यवस्था कमजोर, पुलिसकर्मी भी फंसे
ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर में तैनात पुलिसकर्मी (UP Police) भी बढ़ी हुई भीड़ के बीच बेबस नजर आए। स्थिति इतनी खराब हो गई कि पुलिसकर्मी भी श्रद्धालुओं के बीच फंसे हुए थे। श्रद्धालुओं को नियंत्रित करने में पुलिस की सांसें फूल रही थीं। भीड़ को देखते हुए पुलिस के इंतजाम पर्याप्त नहीं थे। प्रशासन ने अगर जल्द ही ठोस कदम नहीं उठाए, तो ऐसी स्थितियों में सुधार मुश्किल रहेगा।

मेटल डिटेक्टर भी हुआ खराब
हाल ही में मंदिर में सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टर मशीन लगाई गई थी। लेकिन भीड़ के दबाव के कारण शनिवार शाम को यह मशीन खराब हो गई। रविवार को मंदिर प्रशासन को इसे हटा देना पड़ा, जिससे मंदिर की सुरक्षा पर भी असर पड़ा।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Pooja Gill

Related News

static