Lucknow: ड्यूटी पर तैनात PAC जवान की मौत, भीषण गर्मी से मौत की आशंका

punjabkesari.in Saturday, Jun 01, 2024 - 04:45 PM (IST)

लखनऊ: लोकसभा चुनाव के सातवें और अंतिम चरण में उत्तर प्रदेश की 13 सीटों पर सुबह सात बजे से मतदान जारी है। इसी बीच लखनऊ के रमाबाई मैदान से दुखद खबर सामने आई है। यहां तैनात PAC जवान की भीषण गर्मी की कारण से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि जवान पिछले 11 दिन से रमाबाई मैदान में तैनात था।
PunjabKesari
जानकारी के मुताबिक, मृतक PAC जवान आदर्श प्रजापति पिछले 11 मार्च से रमाबाई में ड्यूटी कर रहा था। वह 23 बटालियन के जी कंपनी मुरादाबाद से हाउस गार्ड में लखनऊ आया था। मृतक आरक्षी मूलतः सहारनपुर का निवासी था। आरक्षी प्रजापति की फरवरी में शादी हुई थी और फरवरी से अभी तक उसे घर जाने की छुट्टी नहीं मिली थी। बताया जा रहा है कि रमाबाई मैदान में जवानों के लिए किसी तरह का कोई इंतजाम नहीं है। न ही पंखा है और न ही वहां पर कोई कूलर है। भीषण गर्मी में पीएसी के जवान बिना पंखे कूलर के ड्यूटी करने को मजबूर हैं। फिलहाल इस पर पीएसी के अधिकारी कुछ भी बोलने से इनकार कर रहे हैं।
PunjabKesari
बता दें कि आजमगढ़ में मां-बेटी समेत कुल 11 लोगों की मौत हुई है। परिजन गर्मी और लू के चलते मौत होने का दावा कर रहे हैं। सीएमओ का कहना है कि पोस्टमार्टम के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकता है। वहीं, बलिया के फेफना थाना क्षेत्र के भटही गांव निवासी 73 वर्षीय सुनैना और उनकी विवाहित बेटी चंद्रकला अयोध्या से घर लौट रही थीं। शाहगंज से दोनों पैसेंजर ट्रेन में चढ़ीं। आज़मगढ़ आते आते दोनों की तबीयत बिगड़ गई। दोनों को ट्रेन से उतार कर जिला अस्पताल लाया गया। यहां दोनों को मृत घोषित कर दिया गया।  अतरौलिया थानाक्षेत्र के ईश्वरपुर पवनी की 60 वर्षीय मनोरमा बृहस्पतिवार को घर में ही टहल रही थीं। अचानक वह गिर गईं और मौत हो गई। वहीं रानी की सराय थानाक्षेत्र के सोनवारा की साधना सरोज की भी घर पर गिरकर मौत हो गई। देवगांव कोतवाली के फकरूद्दीनपुर निवासी 60 वर्षीय मूलचंद पेड़ के नीचे बैठे थे। अचानक तबीयत खराब हुई। अस्पताल पहुंचते ही उनकी मौत हो गई।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Harman Kaur

Related News

static