गोलियों की तड़तड़ाहट से दहला देवरिया: बदमाशों ने दरवाजे पर चढ़कर अधेड़ को मारी गोली...हालत गंभीर
punjabkesari.in Tuesday, Jun 03, 2025 - 11:57 PM (IST)

Deoria News: उत्तर प्रदेश में देवरिया सदर कोतवाली क्षेत्र में दुस्साहसी बदमाश सोमवार देर रात दरवाजे पर चढ़कर एक व्यक्ति को गोली मारकर फरार हो गये। गोली दाहिने हाथ में लगी, जिससे वह लहूलुहान हो गए। घायल व्यक्ति को गोरखपुर मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया है। घटना का कारण पुराना विवाद बताया जा रहा है।
दरवाजे पर चढ़कर बदमाश गोली मारकर फरार
अपर पुलिस अधीक्षक अरविंद कुमार वर्मा ने मंगलवार को यहां बताया कि पुलिस को कल देर रात सूचना मिली कि क्षेत्र के खोराराम गांव में एक व्यक्ति विजय कुमार यादव को कुछ लोगों ने उसके दरवाजे पर चढ़कर गोली मारकर फरार हो गये हैं। उन्होंने बताया कि घायल व्यक्ति की पत्नी की तहरीर पर पुलिस ने बजरंगी विश्वकर्मा, मानस मिश्र, विपुल विश्वकर्मा के साथ कुछ अज्ञात लोगों पर पुलिस मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।
बदमाशों ने हाथ में गोली मारी
वर्मा ने बताया कि खोराराम गांव के 55 वर्षीय विजय यादव पुत्र संवरू यादव रात में अपने दरवाजे पर सोने की तैयारी कर रहे थे। इस बीच तीन लोग दरवाजे पर पहुंचे और कुछ दिन पूर्व उसके बेटे के साथ विवाद का जिक्र करते हुए उलझ गए। विवाद व नोकझोंक के बाद असलहे से फायर कर दिए। आरोपित के पुत्र व विजय के बीच कुछ दिन पूर्व विवाद हुआ था, जिससे हमलावर खार खाए थे। वहीं एएसपी अरविंद कुमार वर्मा ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। मेडिकल कालेज पहुंचकर घायल से घटना की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि बदमाशों ने हाथ में गोली मारी है। सभी आरोपी फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें गठित की गई हैं। जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।