मामूली विवाद के चलते मासूम बेटी को पीटा, बीच-बचाव में आई पत्नी को पति ने चाकू से गोदकर कर उतारा मौत के घाट

punjabkesari.in Thursday, Oct 13, 2022 - 11:22 AM (IST)

गाजियाबादः उत्तर प्रदेश के जिला गाजियाबाद से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां पर एक पति ने पत्नी को चाकू से गोदकर उसकी हत्या कर दी। दरअसल, मासूम बेटी द्वारा पिता की बात को अनसुना कर देने पर घर में झगड़ा शुरू हो गया। जिसके बाद पिता ने मासूम को पीटना शुरू कर दिया। बेटी को बचाने के लिए जब मां सामने आई तो उसके पति ने उस पर चाकू से हमला कर दिया और शरीर को छलनी कर दिया। इसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, यहां पर उसकी मौत हो गई। इस घटना के बाद से आरोपी फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।

बता दें कि यह मामला गाजियाबाद में मसूरी कस्बे का है। यहां पर देवबंद निवासी शादाब यहां एक मीट फैक्ट्री में काम करता है। वो पत्नी शबाना और पांच वर्षीय बेटी शबा और दो बेटों के साथ यहां रहता है। बुधवार रात करीब 9 बजे शादाब ने बेटी शबा से चादर लाने के लिए कहा। शबा उस वक्त खेल रही थी और पिता की बात को अनसुना कर दिया। इस पर शादाब ने बेटी की पिटाई कर दी। बीच-बचाव में पत्नी शबाना आ गई। शादाब ने पास में रखे चाकू से शबाना पर प्रहार कर दिया। उसकी गर्दन, पेट, हाथ, कमर, छाती पर कई वार प्रहार किए। इस हमले के बाद आरोपी वहां से भाग गया। घटना की जानकारी होने के बाद आसपास के लोग घायल महिला को जिला अस्पताल संजयनगर ले गए। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
जब इस घटना की जानकारी आसपास के लोगों को हुई तो उन्होंने महिला को अस्पताल भर्ती कराया और पुलिस को इस मामले की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और घटनास्थल का जायजा लिया। इसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज किया और फरार आरोपी की तलाश शुरु कर दी। इस मामले में जांच कर रहे मसूरी थाने के इंस्पेक्टर रविंद्र चंद पंत ने बताया कि, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घर के बाकी सदस्यों के बयान दर्ज कर लिए गए हैं। आरोपी शादाब की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगा दी गई हैं और जल्द से जल्द आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Pooja Gill

Recommended News

Related News

static