सनकी प्रेमी ने उठाया खौफनाक कदम, प्रेमिका और उसके पिता को पीट-पीटकर कर उतारा मौत के घाट

punjabkesari.in Friday, Oct 07, 2022 - 12:42 PM (IST)

एटाः उत्तर प्रदेश के एटा से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां पर प्रेम संबंधों का विरोध करने पर एक प्रेमी ने प्रेमिका सहित उसके पिता की पीट- पीटकर और बेलचा मारकर हत्या कर दी। आरोपी ने प्रेमिका की मां को भी पीटा और सिर फोड़ दिया। महिला की हालत काफी गंभीर है। महिला को इलाज के लिए अस्पताल भर्ती किया गया था, लेकिन उनकी हालत गंभीर देखकर आगरा अस्पताल रेफर कर दिया है। इस घटना की जानकारी होने पर गांव में हड़कंप मचा है। वहीं, पुलिस को जब इस वारदात की जानकारी हुई तो पुलिस ने तुरंत पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया और मामला दर्ज कर लिया।  

बता दें कि यह मामला जसरथपुर थाना क्षेत्र नगला बलू गांव का है। यहां पर रहने वाले 24 वर्षीय पुनीत कुमार उर्फ नन्हे पुत्र उजागर सिंह का गांव की ही 17 वर्षीय किशोरी से प्रेम प्रसंग चल रहा था, लड़के का परिवार प्रेम संबंधों का विरोध करता था। गुरुवार रात 11:30 बजे पुनीत बेलचा लेकर प्रेमिका के घर में घुस गया और गाली गलौज करने लगा। शोर-शराबा सुनकर घर में मौजूद लोग जाग गए, लेकिन जब तक वे कुछ कर पाते तब तक पुनीत ने बेलचा मारकर किशोरी के पिता और मां पर हमला कर दिया। उन्हें बचाने के लिए किशोरी ने जब कोशिश की तो आरोपित ने उसका भी सिर फोड़ दिया। इस पूरी घटना के बाद आरोपी फरार हो गया। गांव में भी हड़कंप मचा हुआ है और गांव में पुलिस बल की तैनात किया गया है।

PunjabKesari

पुलिस ने गांव से ही आरोपी को किया गिरफ्तार
गांव वालों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायल अवस्था में सभी को इलाज के लिए अस्पताल भेजा। रास्ते में ही किशोरी और उसके पिता की मौत हो गई। किशोरी की मां को मेडिकल कालेज से आगरा रेफर कर दिया गया जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। वहीं, किशोरी के परिवार के लोगों ने बताया कि, उसका भाई घर में मौजूद नहीं था। मगर भाभी थीं। हमलावर उन्हें भी ढूंढता रहा मगर वह छुप गई थी, इस वजह से उनकी जान बच गई। सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक उदय शंकर सिंह व अन्य पुलिस अधिकारी पुलिस बल के साथ गांव पहुंचे और आरोपी की तलाश करनी शुरू की। गांव से ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। बताया गया है कि वह गांव में ही एक घर में छुपा बैठा था।

जांच में जुटी पुलिस
सूचना मिलने पर आईजी दीपक कुमार भी गांव नगला बलू पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। फिर मृतका की भाभी की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज किया। एसएसपी ने बताया के आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं, पुलिस ने यह भी बताया कि जिस बेलचा से मारकर आरोपी ने दो लोगों की हत्या की वह भी बरामद कर लिया है। फिलहाल आरोपी से पूछताछ की जा रही है और पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Pooja Gill

Recommended News

Related News

static