पति से नहीं मिला सुख... प्यार में पड़ गई महिला, बॉयफ्रेंड ने दिया धोखा की सपनों पर फिर गया पानी
punjabkesari.in Wednesday, Oct 01, 2025 - 07:29 PM (IST)

मैनपुरी: उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले की सदर कोतवाली क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक महिला को शादी का झांसा देकर चार साल तक यौन शोषण करने का आरोप लगा है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। महिला का विवाह वर्ष 2013 में इटावा निवासी युवक से हुआ था। लेकिन शादी के एक साल बाद ही पति और ससुरालियों ने उसे घर से निकाल दिया। तब से वह मायके में रह रही थी।
शादी का झांसा देकर चार साल तक किया दुष्कर्म
महिला के मुताबिक वर्ष 2021 में गांव के ही रहने वाले मिथुन ने महिला से नजदीकियां बढ़ाईं। उसने कहा कि उसका तलाक हो चुका है और वह महिला से शादी करना चाहता है। जब महिला ने बताया कि उसका खुद का तलाक अभी नहीं हुआ है, तब मिथुन ने भरोसा दिलाया कि तलाक होते ही दोनों शादी कर लेंगे। इसी बहाने वह महिला को शहर के देवपुरा स्थित किराए के मकान में साथ रखने लगा। आरोप है कि लगातार चार साल तक उसने शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाए।
शादी का झांसा या सुनियोजित धोखा?
सस्पेंस तब टूटा, जब 23 सितंबर 2025 को महिला मिथुन के गांव पहुंची। वहां पता चला कि वह पहले से ही एक अन्य महिला के साथ पत्नी के रूप में रह रहा है। यही नहीं, उसके कई और महिलाओं से संबंध होने की जानकारी भी सामने आई। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। सीओ सिटी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि "तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। जांच गहनता से की जा रही है और सत्यता की पुष्टि होने पर कठोर कार्रवाई होगी।"