देश की ‘शूटर दादी’ अस्पताल में भर्ती, ''सांड की आंख'' फेम Prakashi Tomar की नाक की नस फटी, हालत गंभीर

punjabkesari.in Monday, Mar 16, 2026 - 02:27 PM (IST)

बागपत: देश की मशहूर शार्पशूटर और ‘शूटर दादी’ के नाम से प्रसिद्ध Prakashi Tomar की तबीयत अचानक बिगड़ने के बाद उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार उनकी नाक की नस फटने के कारण उन्हें तत्काल उपचार के लिए कैलाश हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है।

अचानक बिगड़ी तबीयत
बताया जा रहा है कि जौहरी गांव में रविवार सुबह घर के काम करते समय प्रकाशी तोमर की तबीयत अचानक खराब हो गई। परिजनों के अनुसार उनकी नाक की नस फट गई, जिसके चलते वह बेहोश होकर गिर पड़ीं। यह देखकर परिवार में अफरातफरी मच गई और उन्हें तुरंत इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।

पहले बड़ौत, फिर नोएडा किया गया रेफर
परिजन पहले उन्हें Baraut के एक अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए नोएडा के कैलाश हॉस्पिटल रेफर कर दिया गया। फिलहाल डॉक्टरों की टीम उनकी हालत पर लगातार नजर बनाए हुए है।

यह भी पढ़ें : भाई की तलाश में पहुंची पुलिस अधिवक्ता को ही उठा ले गई, रातभर थाने में मारपीट के आरोप; 2 SI समेत 4 पुलिसकर्मी सस्पेंड

पहले भी बिगड़ चुकी है तबीयत
करीब 91 वर्ष की प्रकाशी तोमर पहले भी स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ चुकी हैं। वर्ष 2023 में उन्हें सांस लेने में तकलीफ के बाद मेट्रो हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। उस समय इलाज के बाद उनकी हालत में सुधार हुआ था।

‘शूटर दादी’ के नाम से मशहूर
प्रकाशी तोमर देशभर में ‘शूटर दादी’ के नाम से जानी जाती हैं। उन्होंने लगभग 60 वर्ष की उम्र में निशानेबाजी शुरू की और कई प्रतियोगिताओं में पदक जीतकर खास पहचान बनाई। उनके जीवन संघर्ष और उपलब्धियों पर आधारित फिल्म Saand Ki Aankh भी बन चुकी है, जिसमें तापसी पन्नू और भूमि पेडनेकर ने प्रकाशी तोमर और चंद्रो तोमर की भूमिका निभाई थी। प्रकाशी तोमर के अस्वस्थ होने की खबर से खेल जगत और उनके प्रशंसकों में चिंता का माहौल है। लोग उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Purnima Singh

Related News

static