ट्रिपल मर्डर से दहला फर्रुखाबादः दंपत्ति और मासूम बेटे की कुल्हाड़ी से की हत्या, जानिए वजह

punjabkesari.in Saturday, Mar 21, 2020 - 12:38 PM (IST)

फर्रुखाबादः उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद में ट्रिपल मर्डर केस से हड़कंप मच गया। जहां बहन को भगाने की रंजिश में भाई व पिता ने एक दंपत्ति और उसके मासूम बेटे की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी। जिसके बाद आरोपी खुद कुल्हाड़ी लेकर थाने पहुंच गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली है।
PunjabKesari
जानिए क्या है मामला?
जानकारी के मुताबिक, गांव गदनापुर निवासी सुरेंद्र उर्फ पप्पू (40) पुत्र नत्थू कमालगंज ब्लाक के सामने मोची का काम करता था। उसकी पत्नी सुलोचना(35) बान बनाती थी। उसके चार बेटे दुर्गेश (22), रजत (11), विवेक(10) और अतुल (9) हैं। दुर्गेश घर से लापता हो गया। इसके बाद 28 नवंबर को गांव की एक युवती चली गई। युवती के पिता ने सुरेंद्र, सुलोचना व दुर्गेश सहित 7 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस के तलाश करने के बावजूद अभी तक युवती नहीं मिली है, न ही दुर्गेश वापस आया। इसके चलते ही दोनों पक्षों में रंजिश चल रही थी।

दंपत्ति सहित बेटे को उतारा मौत के घाट
वहीं शुक्रवार देर शाम युवती का भाई व पिता अपने साथियों के साथ सुरेेंद्र के घर में कुल्हाड़ी लेकर घुस गए। उन्होंने सुरेंद्र, उसकी पत्नी सुलोचना पर हमला कर दिया। बेटा अतुल व मां तारावती (60) बचाने दौड़ीं तो उन पर भी हमला कर दिया। इससे वह भी घायल हो गए। घायल अतुल घर के बाहर चीखता हुआ भागा, घर के बाहर ही उसकी मौत हो गई। विवेक डर की वजह से बाहर भाग आया। उसे पड़ोसी लाली देवी ने अपनी शॉल में छिपाकर बचा लिया। इसके बाद हमलावर भाग गए।

खौफनाक मंजर देखकर आस-पास के लोग सहमे
ऐसा खौफनाक मंजर देखकर आस-पास के लोग सहम गए। लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने खून से लथपथ सुरेंद्र, सुलोचना और अतुल के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। साथ ही घायल तारावती और विवेक को गंभीर हालत में पुलिस ने सीएचसी भेज दिया। इस दौरान परिजनों को पुलिस के साथ नोक झोक भी हुई।

जांच में जुटी पुलिस 
इस दौरान पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल मिश्रा ने गांव पहुंच कर कार्रवाई का भरोसा दिया, लेकिन रिश्तेदार आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे। मृतक सुरेंद्र की बहन सुनीता ने एसपी को बताया कि दुर्गेश कहां गया, यह उन्हें नहीं मालूम है। इसके बाद भी पुलिस उन्हें ही परेशान करती रही। पुलिस ने देर रात युवती की मां व भाभी को हिरासत में ले लिया है। उधर युवती का भाई कुल्हाड़ी लेकर थाने पहुंच गया। उसे भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इस बारे में एसपी अनिल मिश्र ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी कर ली गई है और हत्या के सभी पहलुओं की जांच कर कड़ी कार्रवाई की जा रही है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Tamanna Bhardwaj

Recommended News

Related News

static