फिरोजाबाद: शादी के नाम पर लूट की साजिश का पर्दाफाश, ''लुटेरी दुल्हन'' साथियों सहित गिरफ्तार
punjabkesari.in Wednesday, Oct 12, 2022 - 12:19 PM (IST)

फिरोजाबाद: उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले में शादी के नाम पर लूट करने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए लुटेरी दुल्हन और उसके साथियों को गिरफ्तार किया है। एसएसपी आशीष तिवारी ने मंगलवार को घटना का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि थाना शिकोहाबाद प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार के नेतृत्व में पुलिस ने गैंग की 2 महिलाओं और 1 युवक को दिखतौली के समीप से गिरफ्तार किया है।
जानकारी मुताबिक मामला फिरोजाबाद जिले का है। यहां के एसपी ने बताया कि थाना शिकोहाबाद के दिकतौली निवासी हरी बाबू ने अपनी पत्नी कल्पना के गुम होने की गुमशुदगी दर्ज कराई थी। कल्पना मूल रूप से कोलकाता की रहने वाली है। परिवार गरीब होने की वजह से उसने अपने परिचित मनोज और गोपाल के साथ मिलकर फर्जी तरीके से आधार कार्ड तैयार करा लिया था और 3 महीने पहले संजीव दीक्षित निवासी नगला बोझ थाना डौकी हाल निवासी एकता कॉलोनी थाना ताजगंज आगरा से 1 लाख 65 हज़ार रुपए ठग लिए थे। उसके बाद अब वह 1 लाख रुपए की मांग कर रही थी।
जांच में हैरान करने वाली कई बातें सामने आई हैं। कल्पना की शादी हरी बाबू से साल 2010 में हुई थी। कल्पना के परिवार की आर्थिक हालत ठीक नहीं हैं, इसलिए वह गैंग में शामिल हो गई। कल्पना ने अपनी परिचित मालती नागर, मनोज और गोपाल के साथ मिलकर फर्जी तरीके से आधार कार्ड बनवाकर 3 महीने पहले आगरा के ताजगंज क्षेत्र निवासी संजीव दीक्षित से शादी कर ली। एसपी ग्रामीण रणविजय सिंह ने बताया कि फर्जी आधार कार्ड बनाकर, नाम बदलकर, शादी करने के बाद यह गिरोह दुष्कर्म व दहेज का झूठा मुकदमा लिखा कर रुपए हड़पने का काम करते थे, शिकोहाबाद पुलिस ने 2 महिलाओं सहित 3 लोगों को गिरफ्तार करने के बाद मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया है।