गाजियाबादः गोली लगने से घायल पत्रकार विक्रम जोशी की मौत
punjabkesari.in Wednesday, Jul 22, 2020 - 09:36 AM (IST)
गाजियाबादः उत्तर प्रदेश गाजियाबाद के विजयनगर इलाके में अज्ञात बदमाशों के गोली मारने से घायल पत्रकार विक्रम जोशी की बुधवार तड़के अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। जोशी को सोमवार को विजयनगर क्षेत्र में बदमाशों ने गोली मार दी थी।
बता दें कि बदमाशों की गोली लगने से गंभीर रुप से घायल पत्रकार को गाजियाबाद के नेहरू नगर स्थित यशोदा अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां इलाज के दौरान आज तड़के उनकी मृत्यु हो गई। उन्होंने भांजी से छेड़छाड़ करने वाले युवकों की पुलिस में शिकायत की थी।
पत्रकार को जब गोली मारी गई उस समय वह अपनी दो बेटियों के साथ मोकरसाइकिल पर थे। गोली मारने की पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी। इस मामले में पुलिस नौ ल़ोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। शिकायत के बाद कारर्वाई नहीं करने पर चौकी प्रभारी को निलंबित कर दिया गया है और पूरे मामले की जांच क्षेत्राधिकारी प्रथम कर रहे हैं।