इश्क, मजहब और मौत: हिंदू युवक से प्यार की सजा दुपट्टे का फंदा, भाई ने खुद पुलिस बुलाकर कहा- ''मैंने बहन को मार डाला''
punjabkesari.in Saturday, Feb 21, 2026 - 07:40 AM (IST)
Sambhal News: उत्तर प्रदेश के संभल जिले से ऑनर किलिंग की एक ऐसी वारदात सामने आई है, जिसने प्यार और भरोसे दोनों का गला घोंट दिया है। असमोली थाना क्षेत्र के गांव पट्टी जगरूप में एक भाई ने अपनी ही बहन को सिर्फ इसलिए मौत के घाट उतार दिया क्योंकि उसे दूसरे समुदाय के युवक से प्यार था। रूह कंपा देने वाली बात यह है कि हत्या करने के बाद भाई ने खुद पुलिस को फोन कर अपना जुर्म कबूल किया।
प्यार, फरारी और पंचायत का डेथ वारंट
गांव पट्टी जगरूप की रहने वाली रुपजहां को अपने ही गांव के एक हिंदू युवक शिवम सैनी से प्यार हो गया था। जब धर्म की दीवारें प्यार के आड़े आईं, तो दोनों घर छोड़कर फरार हो गए। घरवाले उनकी तलाश में जुटे और लोकेशन अमरोहा में मिली। भाई जाने आलम और पिता ने पंचायत का सहारा लिया। ग्राम प्रधान की मध्यस्थता में यह तय हुआ कि युवती को वापस घर लाया जाएगा। पंचायत के वादे पर भरोसा कर रुपजहां वापस लौट आई।
थाने में जताई थी मौत की आशंका, फिर वही हुआ
सूत्रों के मुताबिक, जब मामला थाने पहुंचा तो रुपजहां ने पुलिस के सामने चीख-चीख कर कहा था कि उसे अपने पिता और भाई से जान का खतरा है। वह अपनी हत्या की आशंका जता रही थी, लेकिन ऑफ रिकॉर्ड समझौते के बाद उसे परिवार के हवाले कर दिया गया। उसे क्या पता था कि जिस घर में वह पली-बढ़ी, वही उसकी कब्रगाह बनेगा।
दुपट्टे का फंदा और भाई की हैवानियत
बीती रात जब घर के लोग सो रहे थे, तभी भाई जाने आलम ने अपनी सगी बहन रुपजहां का उसी के दुपट्टे से गला घोंट दिया। रुपजहां तड़पती रही, लेकिन भाई का दिल नहीं पघला। हत्या करने के बाद जाने आलम ने डायल 112 को फोन किया और ठंडे दिमाग से कहा कि मैंने अपनी बहन को मार दिया है, आकर मुझे ले जाओ।
पुलिस की कार्रवाई
सूचना मिलते ही एएसपी और थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हत्यारोपी भाई जाने आलम को गिरफ्तार कर लिया है। इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है और दो समुदायों के बीच पनपे इस प्रेम का अंत एक बेहद ही दुखद मोड़ पर हुआ है।

