झाड़-फूंक के नाम पर मौलाना ने महिला से किया 6 महीने तक रेप, बेटी से भी करता था छेड़छाड़

punjabkesari.in Saturday, Nov 19, 2022 - 12:30 PM (IST)

गोंडाः उत्तर प्रदेश के गोंडा से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां पर एक मौलाना पर महिला से दुष्कर्म करने और उसके बेटे की हत्या करने का आरोप लगा है। दरअसल, अंधविश्वास के चलते एक मौलाना ने महिला के साथ झाड़-फूंक का सहारा लेकर 6 महीने तक रेप करता रहा। वो उसकी नाबालिग बेटी के साथ भी छेड़छाड़ करता था। जब इस बात की जानकारी महिला के नाबालिग बेटे को हुई तो उसने मौलाना का विरोध किया। जिस पर मौलाना को गुस्सा आया और उसने महिला के बेटे की हत्या कर दी। हत्या की जानकारी के बाद ग्रामीणों ने मौलाना को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया है।  

बता दें कि यह मामला जिले के कोतवाली क्षेत्र का है। यहां की निवासी एक महिला ने आरोप लगाया है कि झाड़-फूंक के नाम पर एक मौलाना जैनुल आब्दीन ने उसके साथ 6 महीने तक दुष्कर्म किया। इसके अलावा मौलाना उसकी नाबालिग बेटी के साथ भी छेड़खानी करता था। पीड़ित महिला ने बताया कि मौलाना ने उसके साथ जबरन अवैध संबंध बनाए और लगातार उसके साथ रेप करता रहा। जब इस बात की जानकारी महिला के 16 साल के बेटे को लगी तो उसने मौलाना का विरोध किया। इस पर मौलाना बौखला गया और उसने महिला के बेटे को कमरे में लगे पंखे से फांसी के फंदे पर लटका दिया।

पुलिस ने किया मौलाना को गिरफ्तार
महिला के बेटे को फांसी के फंदे से लटकाकर आरोपी मौलाना भागने लगा। जिस पर महिला और उसकी बेटी ने शोर मचाया। उनकी चीख पुकार सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। लोगों ने मौलाना को पकड़ लिया और फिर इस घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

अस्पताल ले जाते समय महिला के बेटे की मौत
घटना के बाद लोगों ने किशोर को नीचे उतारा और अस्पताल ले जाने लगे, लेकिन बीच रास्ते में ही महिला के बेटे की मौत हो गई। वहीं, इस मामले में सीओ सिटी लक्ष्मीकांत गौतम ने बताया कि महिला की तहरीर पर दुष्कर्म, छेड़खानी, पॉक्सो और गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Pooja Gill

Recommended News

Related News

static