गोरखपुर में लगा CM योगी का जनता दरबार, बोले- रुपए के अभाव में नहीं रुकेगा इलाज
punjabkesari.in Sunday, Nov 06, 2022 - 05:13 PM (IST)

गोरखपुरः उत्तर प्रदेश के सीएम दो दिवसीय दौरे पर गोरखपुर पहुंचे हुए है। जहां रविवार की सुबह उन्होंने गोरखनाथ मंदिर के हिंदू सेवाश्रम में जनता दरबार लगा। वहीं, कई लोग सीएम के पास अपनी फरियाद लेकर पहुंचे। इसी दौरान सीएम योगी ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को निर्देश दिए कि हर किसी के साथ न्याय होना चाहिए और जल्द ही सबकी समस्या का समाधान किया जाए।
बता दें कि सीएम योगी ने रविवार की सुबह गोरखनाथ मंदिर के हिंदू सेवाश्रम में जनता दरबार लगाकर लोगों की फरियाद सुनी। जहां पर बड़ी संख्या में लोग जमीन-जायदाद और इलाज के मामले लेकर आए थे।
वहीं, सब की समस्या सुनने के बाद मुख्यमंत्री ने वहां पर मौजूद अधिकारियों को जल्द से जल्द समस्याओं का समाधान करने के लिए कहा और इलाज की फरियाद लेकर पहुंचे लोगों पर भी विशेष ध्यान देने को कहा है।
साथ ही उन्होंने अधिकारियों से कहा कि आगे बढ़कर वह यह सुनिश्चित करें कि किसी भी व्यक्ति का इलाज धन के अभाव में रुकने न पाए। वहीं, उन्होंने 100 से अधिक लोगों की समस्याएं सुनी। साथ ही प्रशासन से जुड़े मामलों का समस्यात्मक आवेदन पत्र उन्होंने जिलाधिकारी कृष्णा करुणेश को दिया।
दरअसल हर बार की तरह अपने आवास से निकलने के बाद सीएम योगी ने सबसे पहले गुरु गोरखनाथ के दरबार में हाजिरी लगाई। इसके बाद मुख्यमंत्री ने विधि-विधान के साथ वैदिक मंत्रोच्चार के बीच उनका दर्शन-पूजन किया। जिसके बाद उन्होंने अपने गुरु ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ के समाधि स्थल पर जाकर शीश नवाया।इसके बाद सीएम हिंदू सेवाश्रम गए, जहां सुबह से ही अपनी समस्या बताने के लिए लोग उनका इंतजार कर रहे थे। जहां उन्होंने एक-एक के पास जाकर उनकी फरियादें सुनी और साथ ही अधिकारियों को उनकी समस्याओं का जल्द से जल्द समाधान करने के निर्देश दिए।