नम आंखों के बीच कल्याण सिंह की अस्थियां संगम में हुई विसर्जित, परिवार के साथ केशव प्रसाद मौर्य भी रहे मौजूद

punjabkesari.in Friday, Sep 10, 2021 - 06:21 PM (IST)

प्रयागराज: उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री स्व. कल्याण सिंह की अस्थियां आज त्रिवेणी संगम की पवित्र धारा में नम आंखों  के बीच प्रवाहित की गईं। स्व. कल्याण सिंह के बेटे एटा से बीजेपी सांसद राजवीर सिंह ने अस्थियों को विधि विधान से त्रिवेणी की पावन धारा में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ प्रवाहित किया। अस्थियों के विसर्जन के बाद स्व कल्याण सिंह के बेटे राजवीर सिंह ने बताया की पांच पवित्र नदियों में अस्थियों को विसर्जित किया जाना था, चार जगहों पर अब तक विसर्जित किया जा चुका है। जिसमे बुलंदशहर और एटा के बाद अयोध्या के सरयू नदी में अस्थियों को प्रवाहित किया जा चुका है, आज प्रयागराज के त्रिवेणी संगम में अस्थियों को विसर्जित किया गया।

राजवीर सिंह ने कहा की बाबू जी का संकल्प अयोध्या में राम मंदिर का था, जो पूरा हो रहा है। स्वर्गवास के बाद अर्थी बीजेपी के झंडे में ही उठे यही उनका संकल्प था।यह भी पूरा हो चुका है। स्व कल्याण सिंह को याद करते हुए राजवीर सिंह ने कहा की वह हमेशा हम सबके लिए अमर रहेंगें। डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा की स्व कल्याण सिंह का निधन हम सबके लिए दुःखद है, लेकिन स्व कल्याण सिंह का वह साहसिक निर्णय करोड़ों रामभक्तों को हमेशा हमेशा के लिए याद रहेगा।

 केशव प्रसाद मौर्य ने कहा की जिस तरीके से अयोध्या के विवादित ढांचा ढहते समय उन्होंने निर्णय लिया की सरकार रहे या जाए लेकिन रामभक्तों पर कोई आंच नहीं आने देंगें। जिसकी बदौलत ही आज अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण हो रहा है। उनके इस साहसिक फैसले से से आज करोड़ों रामभक्तों की वर्षों पुरानी इच्छा पूरी हो रही है।  केशव प्रसाद मौर्य ने कहा की वह हम सबके लिए आदर्श और प्रेरणास्रोत हैं। उनका विशाल व्यक्तित्व हमेशा अमर रहेगा।

दोपहर करीब तीन बजे स्व कल्याण सिंह के बेटे राजवीर सिंह और पोते संदीप सिंह अस्थि कलश लेकर प्रयागराज के वीवीआईपी घाट पहुंचे। अस्थि विसर्जन से पहले संगम के वीवीआईपी घाट पर बीजेपी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने स्व. कल्याण सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उनके विशाल व्यक्तित्व को सभी ने याद किया। इस दौरान कैबिनेट मंत्री सिद्धार्थनाथ सिंह, पूर्व राज्यपाल केशरीनाथ त्रिपाठी समेत कई बीजेपी विधायक व सांसद मौजूद रहे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramkesh

Recommended News

Related News

static