अब मुंबई से उठी यह मांग, दिवंगत मुलायम सिंह यादव को मिले ''भारत रत्न''

punjabkesari.in Thursday, Nov 03, 2022 - 12:10 PM (IST)

लखनऊ: समाजवादी पार्टी के संरक्षक और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के निधन के बाद से ही उन्हें भारत रत्न दिए जाने की मांग उठ रही है। बताया जा रहा है कि अलग-अलग दलों के नेताओं ने प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति को पत्र लिखकर मुलायम सिंह यादव को भारत रत्न देने की मांग कर चुके हैं। इससे पहले समाजवादी पार्टी की ओर से वर्ष 2020 में भी मुलायम को भारत रत्न से नवाजने की मांग की गई थी लेकिन अब उनके निधन के बाद यह मामला जोर पकड़ रहा है। 

जानकारी मुताबिक अब महाराष्ट्र के कांग्रेस नेता मोहम्मद आरिफ नसीम ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को पत्र लिखकर समाजवादी पार्टी के मुखिया स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव को देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न से सम्मानित किए जाने की मांग की है। उन्होंने मुर्मू को लिखे पत्र में लिखा है कि दिवंगत मुलायम सिंह उन दबे कुचले लोगों का दर्द बहुत अच्छी तरह से समझते थे जिनके लिए उन्होंने संघर्ष किया। नसीम ने कहा कि मुलायम सिंह यादव के निधन पर पूरे देश में शोक की लहर देखने को मिली। अब मैं निवेदन करता हूं कि उन्हें मरणोपरांत भारत के सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न से सम्मानित किया जाए।

आपको बता दें कि इससे पहले सपा प्रवक्ता आईपी सिंह ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को पत्र लिखा था, जिसमें उन्होंने कहा था कि, मुलायम सिंह यादव वो नाम है जो ‘भारत रत्न’ की शोभा बढ़ाने का काम करेगा। अब महाराष्ट्र कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष आरिफ नसीम ने मुलायम सिंह यादव को भारत रत्न दिए जाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखा है। वहीं दूसरी तरफ बलिया से भाजपा सांसद वीरेंद्र सिंह ने अपनी सांसद निधि से 25 लाख रुपए मुलायम सिंह की याद में एक ऑडिटोरियम के निर्माण के लिए दिए हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anil Kapoor

Related News

static