अखिलेश यादव ने BJP पर साधा निशाना, कहा- ''एक समुदाय विशेष का नाम लेकर उसके बारे में गलत बातें कहना उस समुदाय का अपमान''

punjabkesari.in Tuesday, Apr 23, 2024 - 07:24 AM (IST)

Lok Sabha Elections 2024: समाजवादी पार्टी (सपा) के प्रमुख अखिलेश यादव ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि एक समुदाय विशेष का नाम लेकर उसके बारे में गलत बातें कहना दुनिया भर में फैले उस समुदाय का अपमान है। ‘एक्स' पर एक पोस्ट में, अखिलेश यादव ने कहा कि एक समुदाय विशेष के बारे में नाम लेकर गलत बात कहना पूरी दुनिया में फैले उस समुदाय का अपमान है। इससे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश की धर्मनिरपेक्ष और लोकतांत्रिक पहचान को बहुत ठेस पहुंची है। यह बेहद आपत्तिजनक बयान है, जिसकी कोई माफ़ी तक नहीं हो सकती। उन्होंने कहा कि सर्वोच्च पदों पर बैठे भाजपा के लोग चुनावी रैली में अनर्गल बातें कहकर कांग्रेस के लिए जो झूठ फैला रहे हैं, उससे भाजपा का अपना झूठ बाहर आ रहा है। एक तरफ़ वे दावा कर रहे हैं कि 400 सीट जीतने वाले हैं; तो दूसरी तरफ़ वे विपक्ष के जीतने पर क्या होगा, यह कहकर जनता को डरा कर चुनाव में कुछ वोट पाना चाहते हैं।

भाजपा ऐसा बयान इसीलिए दे रही है क्योंकि उसके अपने समर्थक तक उसे वोट नहीं दे रहे: अखिलेश
यादव ने कहा कि सच तो यह है कि वे अपने मन की बात किसी और के ऊपर डालकर कह रहे हैं। जिन लोगों ने मेहनत से कमाये ग़रीबों और महिलाओं के बचाए हुए दो पैसे नोटबंदी से निकाल लिये थे वे आज गहनों की बात कर रहे हैं। यादव ने कहा कि सच तो यह है कि जिनके पास एक-दो गहने हैं भी, वे मध्यवर्ग के लोग भी भाजपा के ख़िलाफ़ वोट डाल रहे हैं क्योंकि बेरोज़गारी और महंगाई से मध्यम और निम्न मध्यम वर्ग के लोग भी वैसे ही प्रभावित हैं जैसे ग़रीब, किसान, मज़दूर, युवा, पिछड़े, दलित, अल्पसंख्यक, महिलाओं की आधी आबादी, आदिवासी और दुखी-पीड़ित अगड़े। सपा प्रमुख ने कहा कि दरअसल भाजपा ऐसा बयान इसीलिए दे रही है क्योंकि उसके अपने समर्थक तक उसे वोट नहीं दे रहे हैं। प्रथम चरण के मतदान के बाद, यह हताशा भरा बयान देश से भाजपा की सरकार जाने का सबसे पहला बयान भी है और रूझान भी है। यह भाजपा की अपनी हार की स्वीकारोक्ति है।

विधान खत्म करने की मंशा रखने वाले ही ऐसी असंवैधानिक भाषा का प्रयोग कर सकते: अखिलेश
भाजपा पर हमला करते हुए यादव ने कहा कि संविधान खत्म करने की मंशा रखने वाले ही ऐसी असंवैधानिक भाषा का प्रयोग कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि  निर्वाचन आयोग ऐसे बयान के बाद क्या किसी को चुनाव लड़ने की अनुमति देगा। इतिहास इसे याद रखेगा और इसके लिए इतिहास भाजपा को कभी माफ़ नहीं करेगा। सपा प्रमुख का ‘एक्स' पर यह पोस्ट इस मायने में महत्वपूर्ण है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को कहा था कि अगर कांग्रेस केंद्र में सत्ता में आती है तो वह लोगों की संपत्ति लेकर मुसलमानों को बांट देगी। मोदी ने कहा था कि कांग्रेस का घोषणापत्र कह रहा है कि वे माताओं और बहनों के सोने का हिसाब करेंगे, उसकी जानकारी लेंगे और फिर उस संपत्ति को बांट देंगे। और उनको बांटेंगे जिनके बारे में मनमोहन सिंह की सरकार ने कहा था कि संपत्ति पर पहला अधिकार मुसलमानों का है। उन्होंने कहा था कि पहले जब उनकी सरकार थी, उन्होंने कहा था कि देश की संपत्ति पर पहला अधिकार मुसलमानों का है। इसका मतलब ये संपत्ति इकट्ठी करके किसको बांटेंगे?.. जिनके ज्यादा बच्चे हैं, उनको बांटेंगे। मोदी का इशारा पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की 2006 में की गई विवादास्पद "पहला हक" टिप्पणी की ओर था।

दूसरे चरण का मतदान 26 अप्रैल को होगा
बता दें कि सोमवार को, प्रधानमंत्री मोदी ने कांग्रेस पर फिर से सत्ता में आने पर लोगों की संपत्ति को फिर से वितरित करने की योजना बनाने का आरोप लगाया। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के बड़ी मुस्लिम आबादी वाले निर्वाचन क्षेत्र अलीगढ़ में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए, मोदी ने विपक्षी कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर तुष्टिकरण की नीति का पालन करने और समुदाय की सामाजिक-आर्थिक स्थिति के उत्थान के लिए कुछ भी नहीं करने का आरोप लगाया। दूसरे चरण का मतदान 26 अप्रैल को होगा और इसमें उत्तर प्रदेश के 8 संसदीय क्षेत्र अमरोहा, मेरठ, बागपत, गाजियाबाद, गौतमबुद्ध नगर, बुलंदशहर (आरक्षित), अलीगढ़ और मथुरा शामिल होंगे। वोटों की गिनती चार जून को होगी। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anil Kapoor

Recommended News

Related News

static