200 रुपये से सस्ती जान! दोस्त बना कातिल, भाइयों संग ली युवक की जान, लोहे की चेन और ताले से पीट-पीटकर उतारा मौत के घाट

punjabkesari.in Monday, May 04, 2026 - 12:38 PM (IST)

Budaun News : बदायूं जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र में 200 रुपये की मामूली रकम को लेकर हुए विवाद में तीन लोगों ने 28 वर्षीय व्यक्ति की कथित तौर पर हत्या कर दी। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि घटना रविवार देर रात करीब 11 बजे कबूलपुरा इलाके की है। उन्होंने बताया कि दो संदिग्धों को हिरासत में ले लिया गया है जबकि तीसरे साथी की तलाश की जा रही है। 

अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) अभिषेक कुमार सिंह के अनुसार, पीड़ित की पहचान चौधरी सराय निवासी शाहिद के रूप में हुई है, जो पेंटर का काम करता था। एएसपी ने कहा, ''शाहिद का आरोपियों - नईम, फजल और वासिफ से 500 रुपये लिए थे। वह पहले ही 300 रुपये लौटा चुका था और केवल 200 रुपये बकाया थे।'' रविवार रात तीनों बकाया रकम की मांग करते हुए कबूलपुरा में आजाद गली के पास शाहिद से भिड़ गए। 

टकराव जल्द हिंसक हो गया और आरोपियों ने कथित तौर पर भारी लोहे की चेन का उपयोग करके शाहिद पर हमला किया, जिससे उसकी छाती, गर्दन और धड़ पर गहरी चोट आई। स्थानीय लोगों ने गंभीर रूप से घायल शाहिद को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अधिकारी ने कहा, ''हमने हत्या के सिलसिले में नईम और वासिफ को गिरफ्तार कर लिया है। तीसरा आरोपी फजल फिलहाल फरार है और उसे पकड़ने के लिए कई टीम तैनात की गई हैं।'' पुलिस ने कहा कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की आगे की जांच जारी है। 


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Purnima Singh

Related News

static