Mathura: कथावाचक देवकीनंदन महाराज को मिली जान से मारने की धमकी, सऊदी अरब से आया था फोन
punjabkesari.in Monday, Dec 26, 2022 - 03:44 PM (IST)

मथुराः उत्तर प्रदेश के वृंदावन के कथावाचक देवकीनंदन महाराज को धमकी देने का मामला सामने आया है। जिसमें उन्हें धर्म विशेष के बारे में बोलने पर शनिवार की दोपहर को सऊदी अरब से एक फोन आया था। इस फोन कॉल पर पहले तो उन्हें आपत्तिजनक शब्द बोले गए, इसके बाद उन्हें जिंदा जला देने की धमकी दी गई। यह धमकी भरा फोन कॉल उनके निजी फोन नंबर पर आया था। वहीं, इस मामले की जानकारी पुलिस को दी गई तो पुलिस ने धमकी का संज्ञान लेते हुए उनकी सुरक्षा बढ़ा दी है।
मिली जानकारी के अनुसार देवकीनंदन महाराज ने अपने कथा कार्यक्रम में एक धर्म विशेष के बारे में बोल दिया था। जिसके बाद उन्हें सऊदी अरब से फोन कर के जिंदा जला देने की धमकी दी गई थी। धमकी मिलने के मामले में महाराष्ट्र पुलिस ने एनसीआर दर्ज की है। इसके साथ ही कथा स्थल की सुरक्षा भी बढ़ा दी गई है। वहीं, डेढ़ मिनट की कॉल का महाराज के शिष्य ने वीडियो भी बना लिया है। इसकी जानकारी ट्विटर के माध्यम से स्थानीय पुलिस और पीएमओ, गृह मंत्रालय, महाराष्ट्र व उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री को दी गई है।
धमकी का संज्ञान लेते हुए पुलिस ने बढ़ाई सुरक्षा
बता दें कि देवकीनंदन महाराज वर्तमान में नवी मुंबई के खारघर में श्रीमद्भागवत कथा का वाचन कर रहे हैं। वृंदावन स्थित प्रियाकांतजु मंदिर के सचिव विजय शर्मा ने बताया कि महाराष्ट्र पुलिस ने धमकी का संज्ञान लेते हुए कथा पंडाल की सुरक्षा बढ़ा दी है। संस्था की ओर से खारघर थाने में एनसीआर दर्ज कराई गई है। वहां पर कथा 31 दिसंबर तक होनी है। ज्ञात हो कि इससे पहले अप्रैल में भी मुंबई के वासिम में हनुमान जयंती पर शोभायात्रा निकालने पर दुबई से हत्या करने की धमकी मिली थी।
संस्था के नंबरों पर पहले भी आ चुके है ऐसे कॉल-मैसेज
हिंदुत्व पर बोलने पर पहले भी ऐसे कई कॉल-मैसेज संस्था के नंबरों पर आ चुके हैं। पिछले दिनों वृंदावन के प्रियाकांतजु मंदिर पर मुस्लिम संगठन के नाम से पत्र मिला था। इसमें हिंदुत्व के प्रचार पर सामूहिक नरसंहार की चेतावनी लिखकर भेजी गई थी। एक व्यक्ति ने वीडियो बनाकर टुकड़े-टुकड़े करने की धमकी दी गई थी। वृंदावन कोतवाली में ये मामले दर्ज हैं। इसके अतिरिक्त कथा के लिए दिल्ली जाते समय उनकी गाड़ी को रोककर हमले की कोशिश भी हो चुकी है। अब पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।