मंत्री के बेटे की पिस्टल से युवक की हत्या: घटना स्थल का CCTV बंद, सिर में सटाकर मारी गोली... उठ रहे कई सवाल
punjabkesari.in Friday, Sep 01, 2023 - 04:34 PM (IST)

लखनऊ: केंद्रीय मंत्री कौशल किशोर के बेटे विकास किशोर के ठाकुरगंज के बेगरिया स्थित आवास पर शुक्रवार तड़के चार बजे गोलीबारी की घटना में एक युवक की मौत हो गई। पुलिस ने इसकी जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि इस मामले में तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें हिरासत में लिया गया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। हत्या में प्रयुक्त लाइसेंसी पिस्तौल केंद्रीय मंत्री के बेटे का बताया जा रहा है। संयुक्त पुलिस आयुक्त (अपराध) आकाश कुल्हरी ने बताया कि मरने वाले की पहचान विनय श्रीवास्तव (30) के तौर पर की गयी है।
पुलिस ने जब्त कर लिया पिस्टल
उन्होंने बताया कि विनय के भाई विकास की तहरीर प्राप्त हुई है जिसमें हत्या की आशंका व्यक्त की गयी है। अधिकारी ने बताया कि तहरीर के आधार पर अजय रावत, अंकित वर्मा और शमीम वर्मा (तहरीर में शमीम बाबा) के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 302 (हत्या) के तहत थाना ठाकुरगंज में मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में जिन तीन लोगों का नाम प्राथमिकी में दर्ज है, उनको हिरासत में ले लिया गया है और पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है। पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) राहुल राज ने बताया कि विनय के सिर पर एक गोली लगी है। उन्होंने बताया कि ऐसी जानकारी मिली है कि इस हत्याकांड में इस्तेमाल पिस्तौल (केंद्रीय मंत्री के पुत्र) विकास किशोर का है। विकास का लाइसेंस मंगवाकर इसकी पुष्टि की जा रही है। पुलिस ने पिस्टल जब्त कर लिया है, पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
बेटे की हत्या में कई लोग शामिल हैं- मृतक की मां
वहीं दूसरी तरफ मृतक की मां ने कई गंभीर आरोप लगाए हैं। मृतक विनय की मां ने कहा है कि बेटे की हत्या में कई लोग शामिल हैं और उन्हें न्याय मिलना चाहिए। महिला ने पूछा कि आखिर मंत्री का बेटा पिस्टल घर पर क्यों रखकर गया था। हालांकि केंद्रीय मंत्री कौशल किशोर ने इसका जवाब देते हुए बताया कि वो उनके बेटे का लाइसेंसी पिस्टल है जिसकी मान्यता यूपी में ही है। वो घटना वाले दिन फ्लाइट से दिल्ली जा रहा था तो पिस्टल अपने साथ नहीं ले जा सकता था इसलिए घर में था।
भाई को घसीटा गया, उसके कपड़े फटे हुए थे- मृतक के भाई विक्रांत
वहीं मृतक के भाई विक्रांत ने आरोप लगाया है कि भाई को घसीटा गया, उसके कपड़े फटे हुए थे और घड़ी ऊपर गमले में मिली है। इतना ही नहीं उसने ये भी कहा कि वारदात के दौरान सीसीटीवी भी बंद था। परिजनों का आरोप है कि विनय को जीने (सीढ़ी) के नीचे सिर से पिस्टल सटाकर गोली मारी गई। परिजनों ने कहा कि जांच के लिए स्निफर डॉग को भी ऊपर नहीं जाने दिया गया।
पुलिस के साथ फोरेंसिक टीम मौके पर भेजी- कौशल किशोर
इन सभी आरोपों पर केंद्रीय मंत्री कौशल किशोर ने प्रतिक्रिया दी है। मंत्री ने बताया कि जब उन्हें मौत की सूचना मिली तो उन्होंने लखनऊ में पुलिस कमिश्नर को फोन किया। अधिकारियों ने पुलिस के साथ फोरेंसिक टीम मौके पर भेजी। उन्होंने कहा कि पुलिस ने जांच के लिए उस वक्त घर में मौजूद तीन युवकों को हिरासत में लिया है। जिन तीन युवकों को हिरासत में लिया गया है उनके नाम अजय रावत, शमीम बाबा और अंकित वर्मा हैं। ये सभी मृतक के साथ उसी घर में मौजूद थे। बताया जा रहा है कि रात में सभी ने पार्टी की थी जिसके बाद ये घटना हुई है।
लखनऊ की मोहनलाल गंज लोकसभा सीट से सांसद केंद्रीय मंत्री कौशल किशोर
केंद्रीय मंत्री कौशल किशोर लखनऊ की मोहनलाल गंज लोकसभा सीट से सांसद हैं। उन्होंने पत्रकारों से कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि घटना आज तड़के हुई है और उनका बेटा इस समय दिल्ली में है। मंत्री की पत्नी और राजधानी लखनऊ की मलिहाबाद क्षेत्र से विधायक जय देवी ने बताया कि जिस मकान में यह घटना हुई है। उस मकान की जमीन मेरे पति कौशल किशोर के नाम पर है, लेकिन अभी इस मकान की रजिस्टरी नही हुई है। मैंने यह मकान अपने बेटे के लिए बनवाया था और वह वहां रहता था। मैं और सांसद वहां नहीं रहते हैं।''
पुलिस को दी गयी शिकायत के मुताबिक फरीदीपुर भूहर दुबग्गा का रहने वाला विनय श्रीवास्तव बीती रात विकास किशोर के घर पर गया था। मृतक के भाई विकास श्रीवास्तव ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया था कि विकास किशोर के घर पर अजय रावत, अंकित वर्मा और शमीम बाबा नामक व्यक्ति भी थे और वहां तीनों लोगों ने विनय के साथ खाना खाया। शिकायत के अनुसार, इसके बाद उनके बीच झड़प हुई और इसी दौरान गोली लगने से विनय की मौत हो गयी। विनय के भाई ने आशंका जताई है कि उसके भाई की हत्या की गई है।