मुस्कान मीठी-मीठी बातों से युवाओं को अपने प्रेमजाल में फंसाती, फिर कमरे में ले जाकर अश्लील वीडियो बनाती, पति के साथ मिलकर देती इस वारदात को अंजाम
punjabkesari.in Saturday, Nov 22, 2025 - 02:53 PM (IST)
मुरादाबाद न्यूज: सिविल लाइंस पुलिस ने लोगों को हनी ट्रैप में फंसाकर पैसे ऐंठने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इस मामले में मुस्कान नाम की महिला और उसके पति वसीम उर्फ मुन्ना को गिरफ्तार किया है। मुस्कान मोबाइल कॉल, फेसबुक और इंस्टाग्राम के ज़रिये लोगों से दोस्ती करती थी और बाद में उन्हें मिलने बुलाती थी। वहां पहले से मौजूद उसके साथी युवक का वीडियो बनाकर धमकी देते थे और पैसे वसूलते थे।
कैसे हुआ खुलासा
पुलिस के अनुसार, मुस्कान 50 से अधिक लोगों को इस जाल में फंसा चुकी है। शुक्रवार को दोनों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। दरअसल, संभल जिले की एक महिला ने 9 अक्टूबर को सिविल लाइंस थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उसने बताया कि 11 अप्रैल 2025 को उसके पति के फोन पर अलसबा नाम की महिला ने कॉल कर मुरादाबाद बुलाया था। वहां वह उसे अपनी बहन मुस्कान के घर ले गई। वहाँ अलसबा का पति शाहबाज़, मुस्कान का पति वसीम और एक अन्य व्यक्ति मौजूद थे।
निर्वस्त्र कर बनाया वीडियो
आरोपियों ने युवक को निर्वस्त्र कर महिला के साथ वीडियो बनाया और दुष्कर्म का केस दर्ज कराने की धमकी देकर 1 लाख 60 हजार रुपये वसूल किए। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद मुस्कान और वसीम ने बताया कि उनका एक पूरा गिरोह है। मुस्कान और उसकी बहन अलसबा सोशल मीडिया के ज़रिये लोगों से संपर्क करती थीं, फिर मिलने के बहाने घर या होटल बुलाती थीं। वहाँ पहले से मौजूद साथी वीडियो बनाते और फिर ब्लैकमेल कर पैसे लेते थे। पुलिस के अनुसार दोनों अब तक 50 लाख रुपये से अधिक ऑनलाइन ट्रांसफर करा चुके हैं।
वसीम के खिलाफ 12 मुकदमे
पुलिस ने बताया कि आरोपी वसीम के खिलाफ मारपीट, जानलेवा हमला, चोरी, धमकी, एनडीपीएस एक्ट और गैंगस्टर एक्ट समेत कुल 12 मामले दर्ज हैं। गिरोह में अलसबा, उसका पति शाहबाज़, सोनू शर्मा और अमन भी शामिल हैं। पुलिस बाकी आरोपियों की तलाश कर रही है।

