ग्रेटर नोएडा इमारत हादसा: 9 लोगों के शव बरामद, अधिकारियों पर गिरी गाज

punjabkesari.in Thursday, Jul 19, 2018 - 10:42 AM (IST)

ग्रेटर नोएडा: भरभरा कर गिरीं 2 बहुमंजिला इमारतों के मलबे से राहत एवं बचाव कर्मियों ने गुरुवार सुबह और एक शव बाहर निकाला। इसके साथ ही हादसे में मरने वालों संख्या बढ़कर 9 हो गई। पुलिस ने अभी तक इस मामले में 4 लोगों को गिरफ्तार किया है। मुख्य दमकल अधिकारी अरुण कुमार सिंह ने बताया कि सुबह मलबा हटाने के दौरान और एक शव बरामद हुआ। उसकी पहचान नौशाद के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि बुधवार देर रात तक 8 शव निकाले गए थे। राहत कर्मियों ने अभी तक कुल 9 शव मलबे से निकाले हैं। अभी भी कई लोगों के अंदर फंसे होने की आशंका है।
PunjabKesari
उत्तर प्रदेश सरकार ने मृतकों के आश्रितों को 2-2 लाख रुपए आर्थिक मुआवजा देने की घोषणा की है। बिसरख पुलिस ने 24 लोगों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया है। उत्तर प्रदेश सरकार ने हादसे के बाद ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के महाप्रबंधक व सहायक महाप्रबंधक को बुधवार रात तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया, जबकि विशेष कार्य अधिकारी का तबादला कर दिया गया है। गौतमबुद्ध नगर के जिलाधिकारी बृजेश नारायण सिंह ने कल ही मामले की मजिस्ट्रेटी जांच के आदेश दे दिए थे। जांच अपर जिलाधिकारी प्रशासन कुमार विनीत सिंह द्वारा की जा रही है।
PunjabKesari
मुख्य दमकल अधिकारी कुमार ने कहा कि मलबा पूरी तरह से हटाने में अभी और 20 घंटे का समय लग सकता है। राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) के जवान अंदर फंसे लोगों को खोजी कुत्तों की मदद से ढूंढने का प्रयास कर रहे हैं। पुलिस ने बताया कि शहर के बिसरख थाना क्षेत्र के शाहबेरी गांव में अवैध रूप से बनाई जा रही 6 मंजिला इमारत बुधवार की रात को भरभरा कर पड़ोस में ही बनी 5 मंजिला इमारत पर गिर गई थी। हादसे में अभी तक 9 लोग मारे गए हैं। इनमें से अभी तक 6 लोगों की पहचान नौशाद, शमशाद, राजकुमारी, प्रियंका, रंजीत और पंखुड़ी (14 माह) के रूप में हुई है। पुलिस अन्य लोगों की पहचान का प्रयास कर रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Anil Kapoor

Recommended News

Related News

static