सहारनपुर में भारी बारिश के चलते एक महिला की मौत, 5 घायल

punjabkesari.in Thursday, Aug 20, 2020 - 05:37 PM (IST)

सहारनपुर: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में पिछले कई दिनों से लगातार हो रही बारिश के चलते मकान गिरने से एक 65 वर्षीय दलित महिला की मौत हो गई जबकि 5 लोग मलबे में दबकर घायल हो गए।

पुलिस सूत्रों ने गुरूवार को यहां बताया कि देवबंद में तेज बारिश के चलते मकान गिरने से उसके मलबे में दबकर एक महिला की मृत्यु हो गयी जबकि गंगोह क्षेत्र में मलबे के नीचे दबकर पांच अन्य घायल हो गये।

सहारनपुर नगर में धमोला और पांवधोई नदी में पानी उफान पर है और लोगों के घरों में भी घुस गया है। जिससे लोगों में दहशत व्याप्त है। जिले में बारिश के कारण कई जगह सड़कें धंस गई है।        जिलाधिकारी अखिलेश सिंह ने आज बताया कि प्रशासन को बाढ़ से बचाव के लिए सतर्क किया गया है। जहां कहीं भी पानी का स्तर बढ़ रहा है अथवा घरों में प्रवेश कर रहा है। वहां प्रशासन की टीमें तत्काल भेजी जा रही हैं।

देवबंद के गांव बास्तम में बुधवार रात अनुसूचित जाति जसबीर का मकान बारिश के कारण भरभराकर गिर गया, जिसके मलबे में जसबीर की पत्नी सोना (65) की दबकर मौत हो गई। गांव निवासी बजरंग दल के प्रदेशाध्यक्ष विकास त्यागी की सूचना पर प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। उप जिलाधिकारी राकेश सिंह ने पीड़ित परिवार को जरूरी मदद देने का आश्वासन दिया। उधर गंगोह के गांव बुड्ढ़ाखेड़ा में मामू का कच्चा मकान बारिश से गिर गया। उसके मलबे में मामू, उसकी पत्नी, राहुल, जोसिना, आरती आदि घायल हो गए। इससे एक दिन पहले भी मोहल्ला कानूनगोयान में विद्यासागर के मकान की छत गिर गई थी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Umakant yadav

Recommended News

Related News

static