महसी विधायक सुरेश्वर सिंह की कार पलटने से मचा हड़कंप, परिवार के 6 से अधिक लोग घायल
punjabkesari.in Friday, Mar 31, 2023 - 01:05 PM (IST)

बहराइच: उत्तर प्रदेश के बहराइच-लखनऊ राजमार्ग पर महसी विधायक सुरेश्वर सिंह की कार पलटने से हड़कंप मच गया। इस हादसे में कार में सवार विधायक की बहू, जिला पंचायत सदस्य समेत 6 लोग घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने भीषण सड़क हादसा देख इसकी जानकारी पुलिस को दी। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं एक गंभीर घायल को लखनऊ रेफर कर दिया। गनीमत रही कि विधायक गाड़ी में सवार नहीं थे।
जानकारी के मुबाबिक, हादसा करीब एक बजे रात को हुआ। विधायक की गाड़ी उनकी बहू व परिवार के अन्य सदस्यों को लेकर लखनऊ जा रही थी। राजमार्ग पर भखरौली मोड़ के निकट गाड़ी हादसे का शिकार हो गई। वह खड्ड में पलट गई। इस घटना में विधायक की बहू 30 अनुराधा सिंह, वार्ड नंबर पांच से जिला पंचायत सदस्य 60 वर्षीय शकुंतला सिंह, 62 वर्षीय अवधेश सिंह कार चालक 28 वर्षीय भानू, 25 वर्षीय कुलदीप व अवधेश सिंह की बहन घायल हो गई। सभी घायलों को जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने अवधेश सिंह को लखनऊ रेफर कर दिया।
गुरुवार को राम नवमी के दिन विधायक सुरेश्वर सिंह कई कार्यक्रमों में शामिल होने के बाद विधायक अपने आवास पर थे। किसी कार्य से परिवार के लोग लखनऊ जा रहे थे। सूचना पाकर वह जिला चिकित्सालय पहुंचे और घायल अवधेश सिंह को लेकर लखनऊ रवाना हो गए। हादसे की सूचना पाकर जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने सीएमओ मेडिकल कालेज के साथ चिकित्सालय पहुंच घायलों का हालचाल जाना। घटना के बारे में जानकारी ली।