मथुरा में पायल बनाते समय ऑक्सीजन सिलेंडर फटा, महिला की मौत, 2 घायल; धमाके से आसपास के कई मकानों में भी आई दरार
punjabkesari.in Wednesday, Feb 19, 2025 - 04:18 PM (IST)

Mathura News, (मदन सारस्वत): उत्तर प्रदेश के मथुरा में बुधवार को गोविंद नगर थाना क्षेत्र से एक हादसा सामने आया है। यहां महाविद्या कालोनी में गिलट का पायल बनाते समय ऑक्सीजन सिलेंडर फटने से एक महिला की मृत्यु हो गई। जबकि दो गंभीर घायल हो गए हैं। धमाका इतना तेज था कि आसपास के कई मकानों में भी दरार आ गई। पुलिस ने महिला के क्षत विक्षत शव को एकत्रित करके मोर्चरी में भिजवाया है। वहीं हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
बता दें कि गोविंद नगर थाना क्षेत्र के महाविद्या कालोनी में 80 फुटा रोड स्थित सेक्टर एफ में एक मकान में ऑक्सीजन सिलेंडर फट गया। हादसे में संजना की मृत्यु हो गई। उनकी जेठानी मीना और भतीजा ठाकुर घायल हो गया। धमाका सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। सूचना पर पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर आ गई।
पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया है। अब सवाल यह उठता है कि आखिर घर में कारखाना किसकी अनुमति से चल रहा था।