PM मोदी बोले- कांग्रेस, सपा सत्ता में आई तो राम मंदिर पर चलाएंगी बुलडोजर

punjabkesari.in Friday, May 17, 2024 - 06:24 PM (IST)

बाराबंकी: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को दावा किया कि कांग्रेस और समाजवादी पार्टी (सपा) सत्ता आई तो राम मंदिर पर बुलडोजर चलाएंगी। साथ ही मोदी ने कहा कि उन्हें (सपा, कांग्रेस को) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से "ट्यूशन" लेना चाहिए कि ''बुलडोजर कहां चलाना है''। उन्होंने यह भी कहा कि 'इंडिया' गठबंधन "अस्थिरता" पैदा करने के लिए मैदान में है और जैसे-जैसे चुनाव आगे बढ़ रहा है, यह ताश के पत्तों की तरह ढह रहा है। यह दावा करते हुए कि उनकी सरकार 'हैट्रिक' बनाने जा रही है।

पीएम मोदी ने कहा कि नई सरकार में उन्हें गरीबी, युवाओं, महिलाओं और किसानों के लिए कई बड़े फैसले लेने हैं और इसके लिए वह यहां बाराबंकी और मोहनलालगंज के लोगों का आशीर्वाद लेने आए हैं। उन्होंने कहा, '' चार जून दूर नहीं है। आज सारा देश और सारी दुनिया जानती है कि मोदी सरकार हैट्रिक बनाने जा रही है।'' मोदी ने कहा, '' एक तरफ देशहित के लिए समर्पित भाजपा नीत राजग गठबंधन है, दूसरी तरफ देश में अस्थिरता पैदा करने के लिए इंडिया गठबंधन है। जैसे-जैसे चुनाव आगे बढ़ रहा है इंडिया गठबंधन के लोग ताश के पत्तों की तरह ढह रहे हैं।''

प्रधानमंत्री ने सपा और कांग्रेस पर निशाना साधने के लिए राम मंदिर का मुद्दा भी उठाया। मोदी ने कहा, ''यहां सपा के एक बड़े नेता ने रामनवमी के दिन कहा था कि राम मंदिर तो बेकार है। वहीं, कांग्रेस राम मंदिर पर उच्चतम न्यायालय का फैसला पलटने की तैयारी कर रही है। इनके लिए सिर्फ अपना परिवार और पॉवर (सत्ता) ही मायने रखते हैं।'' उन्होंने दावा किया, ‘‘सपा-कांग्रेस वाले अगर सरकार में आए, तो रामलला को फिर से तंबू में भेजेंगे और मंदिर पर बुलडोजर चलवा देंगे।'' साथ ही उन्होंने दोनों दलों (सपा-कांग्रेस) को बुलडोजर का कहां इस्तेमाल करना चाहिए इसके लिए योगी आदित्यनाथ से 'ट्यूशन' लेने को कहा। योगी आदित्यनाथ सरकार पर राज्य में कथित अपराधियों की संपत्ति को गिराने के लिए बुलडोजर के इस्तेमाल के आरोप लगते रहे हैं।

'ये कहते हैं कि मोदी हिंदू-मुसलमान कर बांट रहा है...'
सपा नेता रामगोपाल यादव ने हाल ही में अपनी टिप्पणी से विवाद उत्पन्न कर दिया था कि अयोध्या में राम मंदिर बेकार है क्योंकि इसका सही निर्माण नहीं किया गया है। उनके इस बयान की योगी आदित्यनाथ ने कड़ी आलोचना की थी और कहा था कि यह 'इंडिया' गठबंधन की 'असलियत' दिखाता है। यह आरोप लगाते हुए कि सपा-कांग्रेस के लिए वोट बैंक से बड़ा कुछ नहीं है। मोदी ने कहा, '' लेकिन, जब मैं इनकी पोल खोलता हूं, तो ये बेचैन हो जाते हैं, इनकी नींद हराम हो जाती है। ये कुछ भी बोलना शुरू कर देते हैं, गालियां देना शुरू कर देते हैं।'' उन्होंने कहा, ‘‘सपा-कांग्रेस तुष्टीकरण के आगे घुटने टेक चुकी हैं। और मोदी जब इनकी सच्चाई देश को बता रहा है...तो ये कहते हैं कि मोदी हिंदू-मुसलमान कर बांट रहा है। जिस वोटबैंक के पीछे ये लोग भागते हैं, वो भी अब इनकी सच्चाई समझने लगे हैं।  


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Harman Kaur

Related News

static