बेहद मशहूर टीवी एक्ट्रेस का निधन, स्टेज 4 कैंसर से हारीं जिंदगी की जंग, इंडस्ट्री में शोक

punjabkesari.in Saturday, Apr 04, 2026 - 06:18 PM (IST)

UP Desk : हॉलीवुड की जानी-मानी टीवी अभिनेत्री डोलोरेस “डी” फ्रीमैन का 66 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। परिवार ने गुरुवार को इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि उन्होंने 2 अप्रैल 2026 को स्टेज-4 फेफड़ों के कैंसर से लंबी और साहसी लड़ाई के बाद अंतिम सांस ली।

परिवार द्वारा सोशल मीडिया पर जारी आधिकारिक बयान में फ्रीमैन के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया गया। बयान में कहा गया कि उन्होंने बीमारी का डटकर सामना किया और अंतिम समय तक मजबूत बनी रहीं। परिवार ने फैंस और शुभचिंतकों के समर्थन के लिए आभार जताते हुए बताया कि फ्रीमैन इस प्यार और दुआओं से बेहद भावुक थीं। बयान में उन्हें “प्रकृति की एक शक्ति” बताते हुए कहा गया कि उन्हें यह जानकर सुकून मिला कि दुनिया भर में कितने लोग उनके लिए प्रार्थना कर रहे थे।

संघर्ष से सफलता तक का सफर
6 जून 1959 को लुइसियाना में जन्मी डोलोरेस फ्रीमैन का जीवन कई अनुभवों से भरा रहा। मनोरंजन जगत में आने से पहले उन्होंने छह वर्षों तक यूनाइटेड स्टेट्स मरीन कॉर्प्स में सेवा दी। इसके बाद वह जापान चली गईं, जहां उन्होंने रेडियो डीजे के रूप में काम किया।

फ्रीमैन ने अपने अभिनय करियर की शुरुआत 1995 में टीवी सीरीज़ ‘Coach’ से की। इसके बाद उन्होंने ‘The Young and the Restless’ और ‘Sistas’ जैसे चर्चित शो में अपनी दमदार मौजूदगी दर्ज कराई। इसके अलावा वह ‘Seinfeld’, ‘The X-Files’, ‘ER’, ‘Dexter’ और ‘Bones’ जैसे लोकप्रिय टीवी शो का भी हिस्सा रहीं।

रचनात्मक काम में भी सक्रिय रहीं
हाल के वर्षों में फ्रीमैन अपने एकल मंच नाटक ‘Poison Gun’ को उपन्यास के रूप में विकसित करने में जुटी थीं, जो उनके पारिवारिक अनुभवों से प्रेरित था। डोलोरेस “डी” फ्रीमैन के निधन से मनोरंजन जगत में शोक की लहर है। उनके योगदान और बहुआयामी करियर को हमेशा याद किया जाएगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Purnima Singh

Related News

static