मैनपुरी उपचुनाव : भाजपा प्रत्याशी रघुराज सिंह शाक्य बोले मैनपुरी की जनता बदलाव चाहती है, शिवपाल का आशीर्वाद मेरे साथ
punjabkesari.in Tuesday, Nov 15, 2022 - 06:13 PM (IST)

मैनपुरी (अरवीन कुमार) : आज सुबह मैनपुरी सीट से भाजपा उम्मीदवार घोषित होने के बाद रघुराज सिंह शाक्य ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि मैनपुरी की जनता अब बदलाव चाहती है। अखिलेश ने नेता जी का सम्मान नहीं किया तो आप सोच सकते है कि शिवपाल सिंह यादव के साथ कैसा व्यवहार किया होगा। मैं आदरणीय मुलायम सिंह व शिवपाल यादव का शिष्य हूं। नेता जी के आशीर्वाद से दो बार सांसद व दो बार विधायक बना।
भाजपा हाईकमान का मुझ पर भरोसा जताने बड़ी बात
मैनपुरी लोकसभा उपचुनाव में भाजपा से प्रत्याशी बनाए जाने के बाद रघुराज सिंह शाक्य ने भाजपा हाईकमान को धन्यवाद देते हुए कहा कि मुझ जैसे छोटे से पार्टी कार्यकर्ता पर भरोसा जताना बहुत बड़ी बात है। मैनपुरी की जनता अब बदलाव चाहती है और वो मुझे भारी मतों से जीताकर लोकसभा में भेजने का काम करेगी। उन्होंने कहा कि मैं स्व. मुलायम सिंह यादव का शिष्य हूं। उन्हीं की आशीर्वाद से उन्हें टिकट मिला है। नेताजी की आत्मा ने मुझे इतनी बड़ी पार्टी से टिकिट दिलवाया है।
भाजपा ने पूर्व सांसद रघुराज सिंह शाक्य को टिकट दिया
रघुराज शाक्य 1999 और 2004 में सपा के टिकट पर इटावा से सांसद रह चुके हैं। इसके अलावा वो उत्तर प्रदेश विधानसभा में 2 बार 2012 में इटावा सदर विधानसभा सीट से समाजवादी पार्टी के विधायक भी रह चुके हैं। अखिलेश यादव से झगड़े के बाद जब शिवपाल ने प्रगतिशील समाजवादी पार्टी बनाई तो वो उसके प्रदेश उपाध्यक्ष भी बने। रघुराज शाक्य को शिवपाल यादव का बहुत करीबी माना जाता हैं। 2019 के लोकसभा के चुनाव के समय वो भाजपा में शामिल हो गए।
शिवपाल का आशीर्वाद उनके साथ
पत्रकारों ने जब उनसे शिवपाल सिंह के समर्थन के बारे में पूछा तो उन्होंने कहा कि सपा परिवार के हर सदस्य का आशीर्वाद उनके साथ है। शिवपाल सिंह यादव का आशीर्वाद भी उनके साथ है। उन्होंने यह भी कहा कि शिवपाल सिंह यादव मेरे गुरु हैं कौन नहीं चाहता कि उनका शिष्य आगे बढ़े।