ओमप्रकाश राजभर का बड़ा बयान, कहा- बनाना है तो दूसरा मोर्चा बनाओ, तीसरा मोर्चा क्यों बना रहे हो?
punjabkesari.in Wednesday, Apr 05, 2023 - 08:15 PM (IST)

बलियाः सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने लोकसभा चुनाव को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा है कि 2024 के लोकसभा चुनाव में तीसरा मोर्चा क्यों बना रहे हो दूसरा मोर्चा बनाओ। मोर्चा दूसरा बनाना है और यह तीसरा बनाने में लगे हैं। तीसरा मोर्चा वो बना रहे हैं जो 10 वोट भी नहीं दिला सकते हैं। दूसरा मोर्चा बनाओ और दुसरे मोर्चा में तय करलो। अगर नहीं समझ में आता है तो दो ही चेहरे हैं यूपी में। सबसे बढ़िया लीडर मायावती जी को हम देखते हैं और देश की राजनीति में अगर मायावती जी नहीं पसंद हैं तो खड़गे जी को पकड़ लो। सभी लोग एक होकर लड़ो, अगर सब लोग अलग-अलग लड़ोगे तो लड़ाई नहीं है।
मुलायम सिंह से भी अच्छा काम करने वाले बहुत महापुरुष हैं
वहीं पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव को भारत सरकार द्वारा पद्म भूषण से सम्मानित करने के सवाल पर कहा कि मुलायम सिंह से भी अच्छा काम करने वाले बहुत महापुरुष हैं जो इतिहास में गुम हैं उन्हें भी उजागर कर के लाना चाहिए। महाराजा सुहलदेव के सम्मान के लिए हम लोग भी प्रस्ताव दिए हैं।
जो जमीन सरकारी है वह जमीन हमारी है
वहीं सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने मंच से नारा भी लगाया कि जो जमीन सरकारी है वह जमीन हमारी है, और कार्यकर्ताओं से भी नारे लगवाया। राजभर ने आगे कहा कि हम सरकार पर दबाव बना रहे हैं कि जो जहां पर बस गया है उसे वहां पर रहने दिया जाए उसे उजाड़ा न जाए।