Ram Mandir Ayodhya: CM योगी ने यूपी के लोगों को दी रामनवमी की बधाई, अयोध्या में सुबह-सुबह उमड़ा भक्तों का सैलाब
punjabkesari.in Wednesday, Apr 17, 2024 - 07:49 AM (IST)
Ram Mandir Ayodhya: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रामनवमी के पर्व पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। यहां जारी एक सन्देश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि रामनवमी भगवान श्रीराम का जन्मोत्सव है। रामनवमी के पर्व के साथ ही चैत्र नवरात्रि का पूजन भी सम्पन्न होता है। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम ने हमें धर्म का अनुसरण करते हुए जीवन जीने की प्रेरणा दी। उनका सम्पूर्ण जीवन हमें भारतीय संस्कृति के उदात्त गुणों-श्रद्धा, भक्ति, शक्ति, शान्ति, शील तथा सदाचार की प्रेरणा प्रदान करता है।
भारत के प्राण, सनातन जगत की सकल आस्था के केंद्र, हमारे आराध्य, मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्री राम के पावन अवतरण दिवस 'श्री राम नवमी' की समस्त प्रदेश वासियों एवं श्रद्धालुओं को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं!
— Yogi Adityanath (मोदी का परिवार) (@myogiadityanath) April 17, 2024
शताब्दियों की प्रतीक्षा के उपरांत श्री अयोध्या धाम में प्रभु श्री रामलला का… pic.twitter.com/X8nMhKxk5p
भगवान श्रीराम का चरित्र जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में अनुकरणीय आदर्श प्रस्तुत करता: CM योगी
मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान श्रीराम का चरित्र जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में अनुकरणीय आदर्श प्रस्तुत करता है। उनका जीवन चरित्र आदर्श जीवन के साथ ही आचरण की शुद्धता के लिए प्रेरित करता है। मर्यादा पुरुषोत्तम के रूप में भगवान श्रीराम का जीवन हम सभी को त्याग, मर्यादाओं के पालन और कर्तव्य परायणता की सीख देता है। उनके महान चरित्र की उच्च वृत्तियां जन मानस को शान्ति और आनन्द प्रदान करती हैं। उनके चरित्र में पग-पग पर मर्यादा, त्याग, प्रेम और लोक व्यवहार के दर्शन होते हैं।
रामनवमी के अवसर पर देश के कोने-कोने से श्रद्धालु यूपी आते: CM योगी
योगी ने कहा कि रामनवमी का पर्व मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम के संदेशों को अपने व्यक्तित्व में उतारने के लिए संकल्पित होने का अवसर है। उत्तर प्रदेश के लिए यह अत्यन्त गौरवपूर्ण है कि भगवान श्रीराम की जन्मस्थली अयोध्या यहीं पर है। प्रत्येक वर्ष रामनवमी के अवसर पर देश के कोने-कोने से श्रद्धालु यहां आते हैं। रामनवमी के पावन अवसर पर भगवान श्रीराम के जन्म को श्रद्धा और भक्तिभाव से मनाने के साथ ही, हमें इस तथ्य का भी बोध होना चाहिए कि प्रभु श्रीराम के आदर्शों को अपने आचरण में उतारने की आवश्यकता है।
रामनवमी के अवसर पर अयोध्या में श्रद्धालुओं की भारी भीड़
मिली जानकारी के मुताबिक, रामनवमी के अवसर पर अयोध्या में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखी जा रही है और बुधवार सुबह 3:30 बजे राम मंदिर के दरवाजे श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए। श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने इस अवसर पर दर्शन की अवधि बढ़ा दी है और कहा है कि इस दिन कोई विशेष दर्शन का आयोजन नहीं किया जाएगा। पहले के पास भी रद्द कर दिए गए हैं।