रामपुरः महिला से छेड़खानी के आरोप में भाजपा जिला मंत्री गिरफ्तार, क्या एसे पूरा होगा बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ का नारा?
punjabkesari.in Monday, Nov 07, 2022 - 05:34 PM (IST)

रामपुरः बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ का नारा देने वाली भाजपा अपने ही नेताओं को महिलाओं की इज्जत करना नहीं सिखा पा रही है। जी हां एसा ही एक मामला प्रदेश के रामपुर से सामने आया है। यहां रास्ते में महिला से छेड़खानी करने के आरोप में भाजपा जिला मंत्री को पुलिस ने गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। मामला मकान पर कब्जे के विवाद का बताया जा रहा है। सिविल लाइन थाना क्षेत्र निवासी मन्नू गुप्ता के बेटे प्रदीप गुप्ता भाजपा के जिलामंत्री है। वह जिला अध्यक्ष अभय गुप्ता के खासमखासों में गिने जाते है। उनका पास ही रहने वाले एक रिश्तेदार से मकान पर कब्जे को लेकर विवाद चला आ रहा है।
पीड़ित महिला ने कई बार पुलिस से की शिकायत
पीड़ित महिला ने कई बार पुलिस से शिकायत की, लेकिन जिलामंत्री होने के कारण मामले को दबा दिया जाता था। आरोप है कि शनिवार को घर से कुछ दूरी पर इन्होंने महिला को रास्ते में रोककर उसके साथ छेड़खानी की। इसके बाद महिला ने सारा मामला अपने पति को बताया। बाद में दोनों ने एसपी के यहां तहरीर दी। एसपी के आदेश पर सिविल लाइन पुलिस ने आरोपी प्रदीप गुप्ता के खिलाफ धारा 232,504, 506, 341, 354ख के तहत मुकदमा दर्ज किया। देर रात पुलिस ने भाजपा नेता को कचहरी तिराहे से गिरफ्तार कर लिया। भाजपा कार्यकर्ता इस मामले को निपटाने के लिए थाने के आसपास घूमते रहे। इस बारे में जानकारी करने के लिए जिलाध्यक्ष से बात करने की कोशिश की गई, लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया।
दंपत्ति को परेशान करने का मामला प्रदेश अध्यक्ष तक पहुंचा
सूत्रों की माने तो आरोपी प्रदीप गुप्ता कई सालों से दंपत्ति को परेशान कर रहे हैं उनका घर से आना जाना तक दुश्वार हो गया है। इस मामले में एक साल पहले भी उच्च अधिकारियों से शिकायत की गई थी, लेकिन भाजपा के जिलामंत्री होने के कारण मामला दबा दिया जाता था। कुछ रोज पहले मामला भाजपा प्रदेश अध्यक्ष तक पहुंचा तो अधिकारी सक्रिय हो गए।
तहरीर के आधार पर गिरफ्तार किया गया- थाना प्रभारी
किशन अवतार, सिविल लाइन थाना प्रभारी ने बताया कि मकान को लेकर विवाद चला आ रहा है। शनिवार रात को उसी के चलते महिला को रास्ते में रोककर छेड़खानी की। तहरीर के आधार पर मुकदमा कायम करने के बाद गिरफ्तार कर लिया गया है।